छात्रों को मिलेंगे नए वैश्विक अवसर
कोलकाता। द इंस्टीट्यूट ऑफ लीडरशिप, एंटरप्रेन्योरशिप एंड डेवलपमेंट (आईलीड) और एलायंस फ्रांसीसी दु बंगले के बीच छात्रों को फ्रेंच भाषा सिखाने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए एक रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। कोलकाता स्थित आईलीड परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संस्थान में भाषा शिक्षा को मजबूत करना और छात्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों के द्वार खोलना है।

इस साझेदारी के तहत आईलीड में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई को अधिक व्यवस्थित रूप दिया जाएगा, जिससे छात्रों को भाषा कौशल के साथ-साथ फ्रेंच संस्कृति, कला और वैश्विक बिजनेस माहौल को समझने का मौका मिलेगा।
समझौते के दौरान एलायंस फ्रांसीसी दु बंगले के डायरेक्टर मार्क बोडिन ने कहा कि यह साझेदारी केवल भाषा सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए छात्रों को मैनेजमेंट, मार्केटिंग, हॉस्पिटैलिटी, सिनेमा, साहित्य और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों में करियर के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं आईलीड के चेयरमैन प्रदीप चोपड़ा ने इस पहल को छात्रों के शैक्षणिक और वैश्विक करियर के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव मजबूत होगा और छात्रों को दुनिया को एक नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर मिलेगा। इस सहयोग से विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद और सहभागिता के लिए एक व्यापक मंच तैयार होगा।





