सऊदी अरब बना रहा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत

saudi-news

जानें बुर्ज खलीफा से कितनी ज्यादा होगी हाइट, कितना आएगा खर्च

रियाद: सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (एमबीएस) साल २०३० तक देश में बड़े पैमाने पर बदलाव के लिए काम कर रहे हैं। इसे ‘विजन २०३०’ का नाम दिया गया है। इस रणनीति के तहत बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए तेल आधारित अर्थव्यवस्था में विविधता लाने, शहरों को बदलने और आधुनिकीकरण का काम हो रहा है।
​इस विजन का एक अहम प्रोजेक्ट ‘जेद्दा टॉवर’ है। जेद्दा में बन रही यह इमारत ३,२८१ फीट से ज्यादा ऊंची होगी यानी तैयार होने पर बुर्ज खलीफा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बन जाएगी।
​बुर्ज खलीफा से ५६४ फीट ऊंचा
​जेद्दा टॉवर तैयार होने पर दुबई के बुर्ज खलीफा से कम से कम ५६४ फीट ज्यादा ऊंचा होगा। इसे एड्रियन स्मिथ गॉर्डन गिल आर्किटेक्चर ने डिजाइन किया है। यह गगनचुंबी इमारत अगस्त, २०२८ में आधिकारिक तौर पर खुलने वाली है। यह टॉवर अभी १,४९० फीट ऊंचा है और इसमें ११३ मंजिलें अब तक बन चुकी हैं।
​कुछ समय के लिए रुका था काम
​जेद्दा टावर के काम में हालिया समय में उतार-चढ़ाव आते रहे हैं। राजनीतिक और वित्तीय मुश्किलों के कारण इसका निर्माण कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। कॉन्ट्रैक्टर ‘सऊदी बिनलादिन ग्रुप’ ने काम को फिर से शुरू करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद इसका काम काफी तेजी से चल रहा है और २०२८ में इसके पूरा होने की उम्मीद है।
​इस टॉवर में जमीन से २,१४० फीट ऊपर एक ‘स्काई टेरेस ऑब्जर्वेशन प्लेटफॉर्म’ होगा, जिसका व्यास ९८ फीट होगा। इसे अनोखे पैनोरमिक टेरेस के तौर पर डिजाइन किया गया है। इस स्ट्रक्चर में ८८,००० टन स्टील का इस्तेमाल होने की उम्मीद है। यह १६० से ज्यादा मंजिलों का मिक्स्ड-यूज कॉम्प्लेक्स होगा, जिसमें घर, ऑफिस, लक्जरी होटल और रिटेल स्पेस होंगे।
​कितना आएगा खर्च?
​यह टॉवर ‘जेद्दा इकोनॉमिक सिटी’ नाम के २० अरब डॉलर के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का मुख्य हिस्सा है। १.२ अरब डॉलर से २.७ अरब डॉलर के अनुमानित खर्च वाले इस टॉवर का मकसद एक आर्किटेक्चरल लैंडमार्क और सऊदी अरब की महत्वाकांक्षा का प्रतीक बनना है।
​इस इलाके के मौसम, खासकर तेज हवाओं और तापमान का सामना करने के लिए टॉवर का बेस (फुटप्रिंट) एरोडायनामिक त्रिकोणीय आकार का है, जो स्ट्रक्चरल लोड को कम करता है और ऊंचाई पर स्थिरता को बेहतर बनाता है।

About Author

Advertisement