ब्रिटिश सांसद ने किया स्वागत, १०० से अधिक हिंदू संगठनों का मिला समर्थन
नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में गुरुवार को ब्रिटेन (लंदन) पहुंचे। संघ के शताब्दी समारोह के तहत अमेरिका और कनाडा की यात्रा के बाद वह लंदन पहुंचे हैं।
अपनी यात्रा के दौरान संघ प्रमुख इस सप्ताहांत ब्रिटेन में रहने वाले प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे।
ब्रिटिश सांसद ने की तारीफ
ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के वरिष्ठ नेता और ५ बार के सांसद बॉब ब्लैकमेन ने भागवत के दौरे का समर्थन किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए ब्लैकमेन ने लिखा, “आज शाम आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत द्वारा संगठन के भविष्य के लिए व्यक्त किए गए विचारों और विजन को सुनकर बेहद खुशी हुई।”
१०० से ज्यादा संगठनों ने किया स्वागत
ब्रिटेन में १०० से अधिक हिंदू और सामाजिक संगठनों ने मोहन भागवत के दौरे का स्वागत करते हुए एक संयुक्त बयान जारी किया है। बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में हिंदू काउंसिल यूके, हिंदू फोरम ऑफ ब्रिटेन, हिंदू स्वयंसेवक संघ यूके और इनसाइट यूके जैसे प्रमुख संगठन शामिल हैं।
इन संगठनों ने आरएसएस को दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बताते हुए चरित्र निर्माण, सामाजिक एकजुटता और आपदा के समय दी जाने वाली निस्वार्थ सेवा की सराहना की।
ब्रिटिश संसद में उठे सवाल, सुरक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया
आरएसएस प्रमुख के दौरे को लेकर ब्रिटेन की संसद में भी सवाल उठाए गए। कुछ सिविल सोसाइटी संगठनों ने ब्रिटिश सरकार से इस दौरे का विरोध करने की मांग की थी। इस पर ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस ने स्पष्ट किया कि गृह विभाग किसी व्यक्तिगत मामले पर टिप्पणी नहीं करता, लेकिन सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका यात्रा के दौरान भी भागवत के कार्यक्रमों का कुछ समूहों द्वारा विरोध किया गया था।





