नई दिल्ली: बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निदेशक वीवीएस लक्ष्मण एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच होंगे। एशियाई खेलों का आयोजन जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। खेल मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, लक्ष्मण के साथ सहायक स्टाफ के रूप में सुनील जोशी, ऋषिकेश कानितकर और शुभादीप घोष जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण २०२३ के हांगझोउ एशियाई खेलों में भी टीम के साथ गए थे, जहां भारत ने स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय टीम के नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर इस दौरान सीनियर टीम के साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली घरेलू वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे। इस सीरीज का पहला मैच २७ सितंबर को खेला जाएगा।
एशियाई खेलों में क्रिकेट स्पर्धा २४ सितंबर से शुरू होगी और भारत उसके ४ दिन बाद अपने अभियान की शुरुआत करेगा। दूसरी ओर, अमोल मजूमदार भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में बने रहेंगे। मजूमदार के साथ गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी और फील्डिंग कोच मुनीश बाली रहेंगे।
भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहां टीम का सामना जापान से होगा। वहीं, भारतीय पुरुष टीम ग्रुप ‘ए’ में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से खेलेगी। इस ग्रुप में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय पुरुष टी२० टीम एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। भारतीय टीम में युवा ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। इसी तरह महिला टीम भी हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में अपना स्वर्ण पदक बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, गुनालन कामलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदिनी शर्मा।





