मुंबई: दिग्गज ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर पिछले कुछ समय से जारी चर्चाओं के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इन पर विराम लगाने के संकेत दिए हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान के २०२७ विश्व कप में खेलने को लेकर जारी अटकलों के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि रोहित इस समय असाधारण क्रिकेट खेल रहे हैं और उनके भविष्य को लेकर कयास लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में गुरुवार को भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा बैठक के बाद सैकिया ने रोहित का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “आप सभी देख रहे हैं कि वे कितना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। रोहित इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं, इसलिए उनके भविष्य को लेकर अनावश्यक चर्चाएं करने की कोई आवश्यकता नहीं है।”
कुछ समय पहले खबर सामने आई थी कि चयन समिति के एक सदस्य ने पूर्व कप्तान को यह सूचित किया था कि एकदिवसीय (वनडे) क्रिकेट में अब उनसे आगे बढ़ने का समय आ गया है। इसके बाद इंग्लैंड दौरे के दौरान रोहित के करियर को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया था। कई लोगों ने यह संभावना भी व्यक्त की थी कि लॉर्ड्स में पांचवां वनडे मैच खेलकर रोहित संन्यास ले सकते हैं।
हालांकि, रोहित शर्मा ने स्वयं इस बारे में कोई संकेत नहीं दिया और मैदान पर अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया। रोहित ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम मैच में १३८ रनों की शतकीय पारी खेली थी।





