चाइना ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे किदाम्बी श्रीकांत

IMG-20260903-WA0069

शेन्ज़ेन: भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई के खिलाफ जीत के साथ चाइना मास्टर्स सुपर ७५० बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। श्रीकांत ने कनाडा के खिलाड़ी को सीधे गेम में २१-१८, २१-१९ से हराया। श्रीकांत इस साल यूएस ओपन सुपर ३०० टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने इस बार असाधारण प्रदर्शन करते हुए विक्टर को हराया, जिन्होंने पिछले महीने नई दिल्ली में अपना दूसरा विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक जीता था। पूर्व नंबर १ तथा २०२१ विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्रीकांत का क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के ली च्यूक यू से मुकाबला होगा।
​श्रीकांत ने विक्टर के खिलाफ जुझारू प्रदर्शन किया क्योंकि वह पहले गेम में ३-७ से पीछे चल रहे थे, लेकिन कनाडा के खिलाड़ी की गलतियों के कारण उन्होंने जल्द ही स्कोर ८-८ की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद ब्रेक तक विक्टर २ अंक की बढ़त पर थे। फिर उन्होंने स्कोर १५-११ कर दिया। श्रीकांत ने भी शानदार वापसी करते हुए १५-१५ की बराबरी हासिल की। एक और क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ भारतीय खिलाड़ी ने १८-१६ की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्हें ३ गेम पॉइंट मिले और उन्होंने दूसरे गेम पॉइंट पर जीत दर्ज करके पहला गेम अपने नाम किया।
​दूसरा गेम भी रोमांचक रहा और श्रीकांत शुरुआत में गलतियां करने के कारण एक समय ५-९ से पिछड़ गए थे। भारतीय खिलाड़ी ने मैच में वापसी का प्रयास जारी रखा। श्रीकांत जब ९-१४ से पीछे थे, तब उन्होंने दो शक्तिशाली शॉट और विक्टर की गलतियों की बदौलत स्कोर १३-१४ तक पहुंचाया। इसके बाद एक समय स्कोर १८-१८ की बराबरी पर था। फिर विक्टर का शॉट बाहर चला गया और श्रीकांत ने एक शक्तिशाली शॉट लगाकर मैच पॉइंट हासिल किया और जल्द ही मैच जीत लिया।
​महिला एकल में हाल ही में ताइपे ओपन सुपर ३०० का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा को दूसरे दौर में जापान की दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी टोमोका मियाज़ाकी के खिलाफ १७-२१, २१-१८, १६-२१ से हार का सामना करना पड़ा। वहीं भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो भी मिश्रित युगल में चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई के खिलाफ १८-२१, १८-२१ से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

About Author

Advertisement