अमेरिकी ओपन: अल्काराज़ और पेगुला तीसरे दौर में

photocollage_202693191528388

न्यूयॉर्क: पूर्व चैंपियन स्पेन के स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया। उन्होंने दूसरे दौर के मुकाबले में पुर्तगाल के जेमे फारिया को ४-६, ६-०, ६-३, ६-२ से हराया।
​दाहिनी कलाई की चोट के कारण ४ महीने तक खेल से दूर रहने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रहे अल्काराज़ को लय हासिल करने में थोड़ा समय लगा, लेकिन पहला सेट गंवाने के बाद उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को ज्यादा मौके नहीं दिए। दुनिया के ७२वें नंबर के खिलाड़ी फारिया ने अच्छी शुरुआत के बाद ३-३ के स्कोर पर पहला ब्रेक हासिल किया और पहला सेट ६-४ से अपने नाम किया।
​इसके बाद स्पेनिश खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की और अपनी पहली सर्विस गेम में ब्रेक पॉइंट बचाने के बाद लगातार ८ गेम जीते। अल्काराज़ ने एक बेहतरीन फोरहैंड पास के साथ फारिया की सर्विस तोड़ी और महज ३३ मिनट में दूसरा सेट ६-० से जीत लिया। अल्काराज़ ने तीसरे और चौथे सेट में भी अपना दबदबा बनाए रखा और आत्मविश्वास के साथ खेला। इस तरह उन्होंने २ घंटे ४० मिनट में जीत हासिल कर इस साल ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में अपने अजेय ९-० के रिकॉर्ड को बरकरार रखा।
​२३ वर्षीय अल्काराज़ स्विट्जरलैंड के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर के बाद अमेरिकी ओपन में पुरुष एकल खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाले दूसरे खिलाड़ी बनने की कोशिश कर रहे हैं। फेडरर ने २००४ से २००८ तक लगातार ५ साल टूर्नामेंट का खिताब जीता था। दो बार के अमेरिकी ओपन चैंपियन अल्काराज़ ने २०२२ में न्यूयॉर्क में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था और उन्होंने २०२५ में दूसरी बार ट्रॉफी उठाई थी। तीसरे दौर में अल्काराज़ का मुकाबला चीन के वू यिबिंग से होगा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ को ७-५, ६-३, ६-१ से हराया। अल्काराज़ और यिबिंग के बीच आखिरी बार २०२४ में शंघाई में भिड़ंत हुई थी, जिसमें स्पेनिश खिलाड़ी ने जीत दर्ज की थी।
​महिला एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी ही देश की सोफिया केनिन को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। पेगुला ने यह मैच ६-३, ६-१ से सीधे सेटों में जीता। इस जीत के साथ वह सातवीं बार टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंचीं। यह मुकाबला महज ५६ मिनट में समाप्त हो गया। पेगुला ने इस सीजन में जीत-हार का रिकॉर्ड ४७-१२ और केनिन के खिलाफ ५-२ कर लिया है। केनिन ने अनुभवी वीनस विलियम्स को हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी।
​२०२४ की उपविजेता पेगुला तीसरे दौर में २०२१ की उपविजेता कनाडा की लेयला फर्नांडीज़ की चुनौती का सामना करेंगी, जिन्होंने इस हफ्ते से पहले २०२६ में कोई ग्रैंड स्लैम मैच नहीं जीता था। फर्नांडीज़ ने मनांचाया सवांगकाव के खिलाफ ६-४, ६-१ से जीत हासिल कर तीसरी बार अमेरिकी ओपन के तीसरे दौर में अपनी जगह पक्की की।

About Author

Advertisement