नई दिल्ली: ३१ अगस्त का दिन इतिहास के पन्नों में कई चीजों के लिए यादगार बन गया। आज ही के दिन देश और दुनिया में कई महत्वपूर्ण घटनाएं घटीं। पढ़ें- इतिहास के पन्नों में क्यों खास है ३१ अगस्त।
प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएं:
१८८१: अमेरिका में रोड आइलैंड के न्यूपोर्ट कैसीनो में पहली बार टेनिस चैंपियनशिप (यूएस नेशनल चैंपियनशिप) आयोजित की गई थी, जिसे आज हम यूएस ओपन के नाम से जानते हैं। रिचर्ड सियर्स, पहले पुरुष एकल के विजेता थे।
१९१९: अमेरिका में कम्युनिस्ट पार्टी (‘कम्युनिस्ट लेबर पार्टी ऑफ अमेरिका’) का गठन हुआ था। शिकागो में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान वामपंथी कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस पार्टी की नींव रखी थी।
१९२०: अमेरिकी शहर डेट्रायट, मिशिगन के रेडियो स्टेशन डब्लूब्लूजे(उस समय ८एमके) ने पहली बार रेडियो पर नियमित समाचारों का प्रसारण किया था। यह दुनिया के पहले रेडियो समाचार प्रसारणों में से एक था।
१९४७: हंगरी में हुए आम चुनावों में कम्युनिस्ट पार्टी ने बड़े पैमाने पर धांधली (जिन्हें “ब्लू बैलेट” चुनाव कहा जाता है) करके सत्ता पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल कर लिया था। इस ऐतिहासिक घटना ने हंगरी को एक कम्युनिस्ट राज्य में बदल दिया, जो शीत युद्ध के दौरान सोवियत गुट का हिस्सा बना।
१९५६: भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने राज्य पुनर्गठन विधेयक को मंजूरी दी थी।
१९५७: फेडरेशन ऑफ मलाया (आधुनिक मलेशिया) को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली।
१९५९: लॉस एंजिल्स डॉजर्स के दिग्गज अमेरिकी बाएं हाथ के बेसबॉल पिचर सैंडी कुफैक्स ने सैन फ्रांसिस्को जायंट्स के खिलाफ खेलते हुए एक मैच में रिकॉर्ड १८ बल्लेबाजों को स्ट्राइकआउट किया था।
१९६२: कैरेबियाई देश टोबैगो एवं त्रिनिदाद ब्रिटेन से स्वतंत्र हुए।
१९६४: कैलिफोर्निया ने आधिकारिक तौर पर न्यूयॉर्क को पीछे छोड़ते हुए अमेरिका के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य (प्रांत) का गौरव हासिल किया था।
१९६८: भारत का पहला स्वदेश निर्मित दो चरणों वाला साउंडिंग रॉकेट रोहिणी एमएसवी-१ को थुंबा इक्वेटोरियल रॉकेट लॉन्चिंग स्टेशन, केरल से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया था।
१९८३: भारत के संचार उपग्रह इनसैट-१बी को अमेरिकी स्पेस शटल चैलेंजर से सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था।
१९९०: पूर्वी जर्मनी और पश्चिमी जर्मनी के बीच एकीकरण संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे।
१९९१: उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान ने सोवियत संघ से अपनी स्वतंत्रता की घोषणा की थी।
१९९३: रूस ने लिथुआनिया से अपने अंतिम सैनिकों को पूरी तरह वापस बुला लिया था।
१९९४: आयरिश रिपब्लिकन आर्मी ने उत्तरी आयरलैंड में ब्रिटिश शासन के खिलाफ अपने २५ साल पुराने हिंसक अभियान को रोकने के लिए एक ऐतिहासिक “युद्धविराम” की घोषणा की थी। इस युद्धविराम की घोषणा ने भविष्य के समझौते का रास्ता साफ किया, जिसके परिणामस्वरूप १९९८ में ऐतिहासिक ‘गुड फ्राइडे समझौता’ हुआ और क्षेत्र में शांति स्थापित हुई।
१९९५: पहली बार एमनेस्टी इंटरनेशनल ने चीन में मानवाधिकारों की स्थिति पर आपत्ति जताई थी।
१९९६: ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने भी भारत की तर्ज पर सी.टी.बी.टी. के उस प्रावधान का विरोध किया, जिसमें निरस्त्रीकरण सम्मेलन के सदस्य देशों को संधि पर हस्ताक्षर करना आवश्यक है।
१९९६: इराक के तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की सेना ने कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल पर एक बड़ा सैन्य हमला किया था। यह हमला स्वायत्त कुर्द क्षेत्र के दो प्रमुख राजनीतिक दलों- ‘कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी’ और ‘पैट्रियोटिक यूनियन ऑफ कुर्दिस्तान’ के बीच चल रहे गृहयुद्ध का हिस्सा था।
१९९७: ‘पीपल्स प्रिंसेस’ के नाम से मशहूर, ब्रिटेन की राजकुमारी और राजकुमार चार्ल्स की पूर्व पत्नी डायना (३६) और उनके प्रेमी डोडी अल-फायद की पेरिस की पोंट डे ल’अल्मा सुरंग में कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
१९९८: रूसी संसद के निचले सदन (ड्यूमा) ने राष्ट्रपति बोरिस येल्तसिन द्वारा नामित प्रधानमंत्री विक्टर चेर्नोमीर्दिन की नियुक्ति को भारी बहुमत से खारिज कर दिया था।
१९९८: उत्तर कोरिया ने ताइपोदोंग-१ बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था, जो जापान के मुख्य द्वीप होन्शु के ऊपर से होती हुई प्रशांत महासागर में गिरी थी।
१९९९: पूर्वी तिमोर की स्वतंत्रता के लिए शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न जनमत संग्रह पर संयुक्त राष्ट्र और पश्चिमी देशों ने संतोष जताया।
२००२: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ़ ने देश से बाहर (सऊदी अरब में निर्वासन में) रहते हुए भी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था, लेकिन तत्कालीन सैन्य सरकार के कड़े नियमों और कानूनी बाधाओं के कारण उन्होंने रणनीतिक रूप से अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था।
२००४: इतालवी जनरल गिदो पामेरी को भारत और पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षक समूह का एक साल के लिए प्रधान सैन्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।
२००५: इराक की राजधानी बगदाद में दजला (टिग्रिस) नदी पर बने अल-अइम्माह पुल में मची भगदौड़ में १,१९९ लोगों की मौत हो गई। ये शिया तीर्थयात्री इमाम मूसा अल-काजिम की बरसी मनाने जा रहे थे। अचानक भीड़ के बीच आतंकवादी और आत्मघाती हमलावर होने की झूठी अफवाह फैल गई और अफरा-तफरी के कारण भगदड़ मच गई। पुल की रेलिंग टूटने से सैकड़ों लोग नीचे दजला नदी में गिर गए।
२००८: जम्मू-कश्मीर सरकार और श्री अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति के बीच समझौते के बाद अमरनाथ भूमि विवाद समाप्त हो गया था।
२००९: जनता दल (यूनाइटेड) की राष्ट्रीय परिषद के नई दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में शरद यादव को पुनः सर्वसम्मति से पार्टी का अध्यक्ष चुन लिया गया। वे इस पद पर २००६ से नियुक्त थे।
२००९: भारत के ग्रामीण विकास कार्यकर्ता दीप जोशी को मनीला, फिलीपींस में प्रतिष्ठित रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह पुरस्कार भारत के ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने और विकास के लिए गैर-सरकारी संगठनों की प्रभावशीलता को बढ़ाने में उनके योगदान के लिए दिया गया था।
२०१०: अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर इराक में २००३ से जारी सैन्य अतिक्रमण को समाप्त कर दिया।
२०१०: भारतीय संसद ने ‘परमाणु क्षति के लिए नागरिक दायित्व अधिनियम’ पारित किया। इस कानून का उद्देश्य, देश में किसी भी परमाणु दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को त्वरित और तय मुआवजा दिलाना है।
२०११: अफ़गानिस्तान के उत्तरी प्रांत कुंदुज़ में आतंकवादियों ने एक गेस्टहाउस को निशाना बनाया था, जिसमें ४ सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी।
२०१२: गुजरात के जामनगर में भारतीय वायुसेना के दो एमआई-१७ हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
२०१२: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी बारिश ने कहर बरपाया। लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ व भूस्खलन के कारण राज्य में करीब २६ लोगों की जान चली गई थी और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
२०१३: इराक के बगदाद से उत्तर में स्थित तुज खुर्मातो के कुर्द इलाके में हुए बम धमाकों में १४ लोगों की मौत हो गई।
२०१४: इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे को लेकर पूर्व क्रिकेटर इमरान खान और ताहिर-उल-कादरी के समर्थकों का आंदोलन हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों के पीएम हाउस की तरफ बढ़ने के दौरान हुई पुलिस झड़प में १ प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।
२०१४: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत-जापान संबंधों को मजबूत करने के लिए पांच दिवसीय दौरे पर टोक्यो (जापान) पहुंचे।
२०१४: बिहार के राजगीर में ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय ने अपने नए आधुनिक स्वरूप में १५ छात्रों और ११ संकाय सदस्यों के साथ फिर से शैक्षणिक कार्य शुरू किया था।
२०१६: खतरनाक टाइफून लायनरॉक के कारण उत्तरी जापानी द्वीप होक्काइदो में नदियां उफन गईं और बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक हादसे में होंशू द्वीप पर एक नर्सिंग होम के ९ बुजुर्गों सहित कम से कम ११ लोगों की मौत हो गई।
२०१६: अमेरिका के अलास्का में दो छोटे विमानों (सेसना २०८ और पाइपर पीए-१८) की हवा में भिड़ंत हो गई, जिससे इस हादसे में ५ लोगों की मौत हो गई।
२०१७: कोलंबो में खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में भारत ने श्रीलंका को १६८ रनों के बड़े अंतर से हरा दिया था। इस मैच में विराट कोहली ने शानदार शतक (१३१ रन) बनाया था और रोहित शर्मा ने भी शतक जड़ा था।
२०१७: स्विट्जरलैंड की तत्कालीन राष्ट्रपति डोरिस ल्यूथार्ड तीन दिवसीय यात्रा पर भारत आईं थीं, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कालाधन, व्यापार और निवेश के मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता हुई थी।
२०१८: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बयान में अमेरिका को विश्व व्यापार संगठन से बाहर निकालने की धमकी दी थी।
२०१८: यूरोपीय संघ ने वेनेजुएला के नागरिकों और पड़ोसी देशों में विस्थापित हुए लोगों की सहायता के लिए ३.५ करोड़ यूरो के सहायता पैकेज की घोषणा की थी।
२०१९: बार्सिलोना के युवा फुटबॉलर अंसु फाती ने स्पेनिश ला लीगा लीग में गोल करके क्लब के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
२०१९: बेल्जियम ग्रैंड प्रिक्स के दौरान फॉर्मूला २ (एफ२) रेस में एक भयानक कार एक्सीडेंट हुआ। इस हादसे में फ्रांस के २२ वर्षीय उभरते हुए ड्राइवर एंथोनी हुबर्ट की मौत हो गई।
२०१९: अमेरिका के टेक्सास राज्य के ओडेसा में एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें ७ लोगों की मौत हो गई और २२ से अधिक लोग घायल हो गए।
२०१९: तालिबान के लड़ाकों ने कुंदुज शहर पर बड़ा हमला किया, जिसमें कई नागरिकों और दर्जनों सैनिकों की जान चली गई, साथ ही एक आत्मघाती हमले में १० पुलिसकर्मी मारे गए।
२०१९: अमेरिका ने सीरिया के इदलिब प्रांत में अल-कायदा से जुड़े आतंकवादियों के ठिकाने पर क्रूज मिसाइल से बड़ा हमला किया, जिसमें लगभग ४० लोगों की मौत हो गई।
२०१९: तत्कालीन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकिंग क्षेत्र में बड़े सुधार के तहत १० सार्वजनिक बैंकों का विलय करके ४ बड़े बैंक बनाने की ऐतिहासिक घोषणा की।
२०१९: असम में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस (एनआरसी) की अंतिम सूची जारी की गई। इस सूची में ३.११ करोड़ लोगों को जगह मिली, जबकि १९ लाख से अधिक लोगों के नाम बाहर कर दिए गए।
२०२१: अंतिम अमेरिकी सैन्य विमान के काबुल छोड़ने के साथ ही अमेरिका का सबसे लंबा युद्ध समाप्त हुआ और तालिबान ने काबुल एयरपोर्ट पर जश्न मनाया।
२०२१: सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एक ड्रोन हमले में ८ लोग घायल हो गए।
२०२१: बलूचिस्तान के मस्तुंग में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने एक छापे के दौरान ११ इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएल) के आतंकवादियों को ढेर किया।
२०२२: बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री कार्तिकेय सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तुरंत मंजूर कर लिया।
२०२२: कर्नाटक हाई कोर्ट ने देर रात की सुनवाई में हुबली के ईदगाह मैदान में गणेश उत्सव मनाने की मंजूरी दी।
२०२३: इक्वाडोर की राजधानी क्विटो में हुए कार बम धमाकों के बाद कैदियों ने छह अलग-अलग जेलों में ५० सुरक्षा गार्डों और ७ पुलिस अधिकारियों समेत कुल ५७ लोगों को बंधक बना लिया था। यह घटना जेल प्रशासन द्वारा कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट करने और हथियारों की जब्ती के लिए चलाए गए सर्च ऑपरेशन के विरोध में हुई थी।
२०२३: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने ग्रांट शाप्स को देश का नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया।
२०२३: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (बन्नू जिले) में एक सैन्य काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें ९ सैनिकों की मौत हो गई।
२०२३: मणिपुर के कुछ इलाकों में फिर से हुई गोलीबारी में ५ लोगों की जान चली गई।
२०२३: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में एक बहुमंजिला इमारत में भयानक आग लगने से ७३ से अधिक लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए।
२०२४: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीन नए रूटों—मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल—पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
२०२४: ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) को पूरे ब्राजील में सस्पेंड कर दिया गया, क्योंकि कंपनी ने वहां अपना कानूनी प्रतिनिधि नियुक्त करने से इनकार कर दिया था।
२०२४: यूक्रेन द्वारा रूस के बेलगोरोद इलाके में किए गए मिसाइल हमलों में ५ रूसी नागरिकों की मौत हो गई।
२०२५: इजराइल ने यमन पर बड़ा हवाई हमला किया, जिसमें कथित तौर पर हूती प्रधानमंत्री अहमद अल राहावी की मौत हो गई।
२०२५: चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच करीब ५० मिनट की द्विपक्षीय बातचीत हुई, जिसमें सीमा पर शांति बनाए रखने और सीधी उड़ानें शुरू करने पर सहमति बनी।
२०२५: गजा पट्टी में इजराइली सेना की भारी बमबारी जारी रही, जिसमें कम से कम ८८ फिलिस्तीनियों की जान गई।
२०२५: बढ़ते टैरिफ विवाद के बीच भारत ने अमेरिका के लिए अपनी डाक सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की।
२०२५: उत्तर प्रदेश के लखनऊ (गुडंबा) में एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे ३ लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए।
३१ अगस्त को जन्मे व्यक्ति:
१२ ईस्वी: कैलिगुला — रोमन साम्राज्य के तीसरे और बेहद क्रूर सम्राट।
१६१ ईस्वी: कॉमोडस (रोम) — रोमन साम्राज्य के १८वें प्रसिद्ध सम्राट।
१५६९: जहाँगीर (भारत) — मुगल साम्राज्य के चौथे महान सम्राट और मुगल सम्राट अकबर और जोधा बाई (मरियम उज़-ज़मानी) के पुत्र नूर-उद-दिन मुहम्मद सलीम (जहाँगीर) का जन्म हुआ था।
१८७०: मारिया मोंटेसरी (इटली) — इटली की महान शिक्षाशास्त्री, जिन्होंने बच्चों की शिक्षा के लिए विश्व प्रसिद्ध ‘मोंटेसरी शिक्षा पद्धति’ विकसित की।
१८७१: सैयद हसन इमाम (भारत) — भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के पूर्व अध्यक्ष।
१९१९: अमृता प्रीतम (भारत) — प्रसिद्ध कवयित्री, उपन्यासकार और निबंधकार।
१९४०: शिवाजी सावंत (भारत) — मराठी भाषा के प्रसिद्ध साहित्यकार।
१९४९: रिचर्ड गेरे (पेनसिल्वेनिया) — हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और गोल्डन ग्लोब पुरस्कार विजेता।
१९६२: पल्लम राजू (भारत) — एक प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ।
१९६३: ऋतुपर्णो घोष (भारत) — बंगाली फ़िल्मों के प्रसिद्ध निर्देशक, लेखक और अभिनेता।
१९६९: जवागल श्रीनाथ (भारत) — भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज़ गेंदबाज़।
१९८५: मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सउद (सऊदी अरब) — सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री।
३१ अगस्त को हुए निधन:
१४२२: हेनरी पंचम (इंग्लैंड) – इंग्लैंड के प्रसिद्ध राजा।
१९६९: रॉकी मार्सियानो (अमेरिका) – महान और अजेय हैवीवेट बॉक्सिंग चैंपियन, जिनका निधन एक विमान दुर्घटना में हुआ।
१९७३: जॉन फोर्ड (अमेरिका) – ऑस्कर विजेता प्रसिद्ध अमेरिकी फिल्म निर्देशक और पश्चिमी फिल्मों के जनक।
१९८२: गोपाल स्वरूप पाठक (भारत) – भारत के भूतपूर्व उपराष्ट्रपति थे।
१९९५: बेअंत सिंह (भारत) – पंजाब के भूतपूर्व मुख्यमंत्री थे।
२००२: फरहाद मेहराद (ईरानी) – ईरानी संगीतकार और गायक।
२००३: विजयशंकर मल्ल (भारत) – इन्होंने भारतेन्दु काल के गद्य को “हंसमुख गद्य” की संज्ञा दी थी।
२०१३: सर डेविड पैराडाइन फ्रस्ट (ब्रिटेन) – विख्यात ब्रिटिश पत्रकार, टेलीविजन प्रस्तोता, हास्य लेखक और लेखक।
२०१६: कश्मीरी लाल ज़ाकिर (भारत) – पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात उर्दू कवि।
२०२०: प्रणब मुखर्जी (भारत) – भारत के १३वें राष्ट्रपति, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नेता रहे थे।





