अमेरिकी ओपन के मिश्रित युगल में मुचोवा और मेंसिक की जोड़ी विजेता

586f9ba3-fdf8-4c7a-b04b-6ac7f4a93027

न्यूयोर्क: कैरोलिना मुचोवा और याकुब मेंसिक की चेक गणराज्य की जोड़ी ने अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में मिश्रित युगल का खिताब जीत लिया है। बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में चेक जोड़ी ने इटली के फ्लेवियो कोबोली और स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिच की जोड़ी को ६-३, १-६, १०-६ से पराजित किया।
​मुचोवा और मेंसिक की जोड़ी ने दो दिनों के इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन अपने दोनों मैच टाईब्रेकर में जीते। मेंसिक की तेज सर्विस और नेट पर शानदार खेल ने इस जोड़ी को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। मेंसिक ने ऐस लगाकर मैच का अंत किया। इस जोड़ी को विजेता के रूप में १० लाख डॉलर की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई।
​इससे पहले सेमीफाइनल में मुचोवा और मेंसिक की जोड़ी हार की कगार पर पहुँच गई थी। हालांकि, लगातार २ मैच पॉइंट बचाते हुए उन्होंने लगातार ४ अंक हासिल किए और मीरा आंद्रीवा व आंद्रे रुबलेव की जोड़ी को ५-४, ३-५, ११-९ से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
​फाइनल इस टूर्नामेंट का एकमात्र ऐसा मैच था जिसे सामान्य टेनिस मैच की तरह खेला गया। इसमें सेट ६ गेम का था और ६-६ की बराबरी पर टाईब्रेक हुआ। वहीं शुरुआती ३ चरणों में सेट ४ गेम का था और ४-४ की बराबरी पर टाईब्रेक खेला गया था।
​दूसरी ओर, बेनसिच और कोबोली ने पहले सेमीफाइनल में एलिना स्वितोलिना और गेल मोनफिल्स की पति-पत्नी की जोड़ी को ४-५, ४-१, १०-५ से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। अमेरिकी ओपन के मुख्य ड्रा के मैच अगले सप्ताह शुरू होंगे।

About Author

Advertisement