नई दिल्ली: बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी को ताजा विश्व रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। मंगलवार को जारी नई रैंकिंग में भारत की यह स्टार महिला जोड़ी ३९वें स्थान से १२ पायदान की लंबी छलांग लगाकर २७वें स्थान पर पहुंच गई है।
त्रिशा और गायत्री की जोड़ी ने भारत की मेजबानी में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर देश के लिए एकमात्र पदक जीता था। इसके साथ ही वे २०११ में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा के बाद विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला जोड़ी बनी थीं। ताजा रैंकिंग में भारतीय जोड़ी के पास ४४,१९२ अंक हैं।
इस बीच, पुरुष एकल रैंकिंग के शीर्ष १० में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इंडोनेशियाई शटलर जोनाथन क्रिस्टी दो स्थान के सुधार के साथ विश्व के नए नंबर १ खिलाड़ी बन गए हैं। दूसरी ओर, पिछले हफ्ते भारत के आयुष शेट्टी के हाथों पहले ही दौर में हारने वाले शी युकी को ५ पायदान का भारी नुकसान उठाना पड़ा है और वे शीर्ष स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर आ गए हैं।
अन्य खिलाड़ियों में कुनलावुत वितिदसार्न और एंडर्स एंटोनसेन १-१ स्थान नीचे खिसककर क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर आ गए हैं, जबकि क्रिस्टो पोपोव ३ स्थान की बढ़त के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। नए विश्व चैंपियन एलेक्स लेनियर भी ३ स्थान के सुधार के साथ सातवें स्थान पर आ गए हैं।
भारतीय पुरुष खिलाड़ियों की बात करें तो लक्ष्य सेन एक पायदान ऊपर चढ़कर १३वें और आयुष शेट्टी २ स्थान के सुधार के साथ २०वें स्थान पर पहुंच गए हैं।











