एम्सटेलवीन: भारतीय पुरुष टीम एफआईएच हॉकी विश्व कप में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। भारतीय पुरुष टीम को सोमवार रात खेले गए दूसरे राउंड के मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ ३-५ से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह भारतीय महिला टीम के बाद भारतीय पुरुष टीम का भी विश्व कप जीतने का सपना टूट गया। सेमीफाइनल की दौड़ में कायम रहने के लिए भारत को अर्जेंटीना के खिलाफ किसी भी हाल में जीत की आवश्यकता थी, लेकिन टीम ने मैच गंवा दिया।
मैच के दौरान भारतीय डिफेंस की कमजोरी स्पष्ट रूप से देखी जा सकी और अर्जेंटीना ने पूरे मैच में अपना वर्चस्व कायम रखा। मैच में जोआक्विन तोस्कानी ने पहले मिनट में ही अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। इसके बाद ७वें मिनट में डेला टोरे ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया। इस बीच सुखजीत ने १०वें मिनट में भारत को मैच का पहला गोल दिलाया।
अर्जेंटीना की तरफ से डोमेने ने ३३वें मिनट में तीसरा गोल किया। उन्होंने ४५वें मिनट में अपने व्यक्तिगत दूसरे गोल के साथ स्कोर अर्जेंटीना के पक्ष में ४-१ तक पहुंचा दिया। लुकास तोस्कानी ने ५३वें मिनट में अर्जेंटीना की तरफ से पांचवां और अंतिम गोल किया। इसके बाद सुखजीत ने ५८वें और हार्दिक ने ५९वें मिनट में लगातार २ गोल किए, लेकिन वे भारत को हार से बचा नहीं सके। भारत पूल-ई के अंतिम स्थान पर रहा। भारत को इससे पहले इंग्लैंड और नीदरलैंड्स के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।










