पहाड़ी युवाओं के लिए खेल विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता
कालेबुंग: पश्चिम बंगाल सरकार के खेल राज्य मंत्री डॉ. इन्द्रनील खान ने मंगलवार को गोरुबथान क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गोरुबथान और कालेबुंग सहित संपूर्ण पहाड़ी क्षेत्र के विकास, बुनियादी ढांचे और खेलकूद की भावी प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की।
दौरे के दौरान राज्य मंत्री डॉ. खान अपर फागू मुंसी लाइन प्राथमिक पाठशाला पहुंचे, जहां उन्होंने वन विभाग द्वारा आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कालेबुंग के विधायक भरत छेत्री के साथ पौधारोपण किया। इसके बाद माल बस्ती स्थित बीएडीपी हॉल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने गोरुबथान की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों के सरल स्वभाव की सराहना की।

डॉ. खान ने कहा कि राज्य सरकार पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं के लिए खेलकूद के विकास को प्राथमिकता दे रही है। विधायक भरत छेत्री के साथ खेल ढांचे पर हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि गोरुबथान स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।









