​मैनचेस्टर सिटी को हराकर आर्सेनल बना चैंपियन

9737df0e-7ebf-48cc-9f79-be6a28c87938

लंदन: आर्सेनल ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मैनचेस्टर सिटी को ३-० से हराकर एफए कम्युनिटी शील्ड २०२६ का खिताब जीता। प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल ने एफए कप विजेता सिटी को शुरुआत से ही दबाव में रखकर चार महीने के भीतर अपना दूसरा खिताब अपने नाम किया। कार्डिफ स्थित प्रिंसिपैलटी स्टेडियम में खेले गए मैच में आर्सेनल ने ४४ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलते हुए शुरुआती २३ सेकंड में ही बढ़त हासिल कर ली। माइल्स लुईस-स्केली के पास पर रिकार्डो कालाफिओरी ने गोल कर आर्सेनल को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद २८वें मिनट में काई हावर्ट्ज़ ने हेडर के जरिए गोल कर आर्सेनल की बढ़त को दोगुना कर दिया। नए खिलाड़ी क्रिस्टोस त्जोलिस ने मार्टिन ओडेगार्ड के क्रॉस को गोल की तरफ मोड़ा, जिसके बाद हावर्ट्ज़ ने हेडर से गेंद को नेट में डाल दिया।
​आर्सेनल ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही एक और सफलता हासिल की। त्जोलिस के पास पर ओडेगार्ड ने सिटी के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा को चकमा देकर आर्सेनल के लिए मैच का तीसरा गोल दागा। दो असिस्ट के साथ त्जोलिस आर्सेनल की इस जीत के मुख्य सूत्रधार रहे। क्लब ब्रुगे से ३४ मिलियन पाउंड की ट्रांसफर फीस में आर्सेनल आए २४ वर्षीय त्जोलिस ने पिछले सीजन बेल्जियम क्लब की ओर से १७ गोल और २३ असिस्ट किए थे।
​मैच में सिटी ने कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन वे आर्सेनल के रक्षापंक्ति (डिफेंस) को तोड़ने में नाकाम रहे। पहले हाफ के अंत में ओडेगार्ड के शॉट को जोस्को ग्वार्डियोल ने गोललाइन से क्लियर किया था। दूसरे हाफ में मैदान पर उतरे बुकायो साका को भी बेहतरीन मौका मिला, लेकिन वह स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज नहीं करा सके। वहीं मैनचेस्टर सिटी की ओर से एर्लिंग हालैंड ने काफी प्रयास किए, लेकिन वे गोल करने में सफल नहीं हो पाए। आर्सेनल का यह कुल १८वां कम्युनिटी शील्ड खिताब है। टीम ने पिछले चार महीनों में प्रीमियर लीग खिताब के बाद यह एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

About Author

Advertisement