राष्ट्रपति भवन में ‘एट-होम’ रिसेप्शन

Screenshot_20260816_130028_Instagram

प्रधानमंत्री मोदी और सीजेआई सूर्यकांत समेत कई दिग्गज हुए शामिल

नई दिल्ली: भारत के ८०वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक ‘एट होम’ रिसेप्शन का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में आयोजित इस औपचारिक समारोह में देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व, राजनयिकों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की।

​”वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान के गायन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू मौजूद रहे। इसके अलावा भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी समारोह में शामिल हुए। अतिथियों में पैरा-क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन समेत खेल, कला, साहित्य और समाज सेवा से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
​रिसेप्शन से पूर्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रह्मण्यम, थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी शहीदों को नमन किया।
​उधर, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार समारोह में ‘वंदे मातरम’ का गायन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि आज देश के हर नागरिक का दिल वंदे मातरम की लय से धड़क रहा है और ‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनकर लहरा रहा है।

About Author

Advertisement