सिलीगुड़ी मुख्या डकघर पहुंचे पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष
सिलीगुड़ी: आधार ई-केवाईसी अपडेट कराने के लिए रातभर कतारों में खड़े होने को मजबूर आम जनता की समस्याओं को देखते हुए पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री एवं सिलीगुड़ी के विधायक डा. शंकर घोष ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी प्रधान डाकघर का दौरा किया।
स्थानीय निवासियों को इस सेवा का लाभ उठाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई लोग अपनी बारी के इंतजार में सड़क किनारे पूरी रात बिताने को मजबूर थे। मीडिया रिपोर्टों के जरिए मामला सामने आने के बाद मंत्री डा. शंकर घोष ने खुद संज्ञान लिया और डाकघर अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।
डाकघर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शंकर घोष ने कहा कि उन्हें मीडिया रिपोर्टों से पता चला कि लोग रात में ही आकर लाइनों में लग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला पहले उनके संज्ञान में नहीं लाया गया था, लेकिन जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे ताकि इसका स्थायी समाधान निकाला जा सके।
पर्यटन मंत्री ने आश्वासन दिया कि आम लोगों को आधार ई-केवाईसी के लिए घंटों लाइन में न लगना पड़े और न ही रातें बितानी पड़ें, इसके लिए प्रशासन के साथ बातचीत की गई है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर ज़िलाधिकारी से चर्चा हो चुकी है और जल्द ही बैंक अधिकारियों के साथ भी बैठक कर अन्य केंद्रों पर भी व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।









