बैंक ऑफ बड़ौदा ने कोलकाता में नई शाखा का किया विस्तार, जरूरतमंद छात्राओं को बांटीं साइकिलें

5798fc28-522d-4a4c-ac17-701da61be5c2

कोलकाता: भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा ने कोलकाता के ईएम बाईपास (मेट्रोपॉलिटन) में अपनी नई शाखा का उद्घाटन किया है। इस नई शाखा के खुलने के साथ ही कोलकाता अंचल में बैंक की कुल शाखाओं की संख्या बढ़कर २६५ हो गई है। बैंक का मानना है कि इस विस्तार से स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों के लिए बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुलभ एवं सुदृढ़ होगी।
​यह नई शाखा ईएम बाईपास और आसपास के क्षेत्रों के लोगों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यक्तिगत वित्तीय समाधान, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं और समर्पित परामर्श सेवाओं सहित कई प्रमुख उत्पाद उपलब्ध कराएगी। शाखा का औपचारिक उद्घाटन बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने किया। इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक एवं कोलकाता अंचल प्रमुख के. आर. कागदल, उप महाप्रबंधक राजीव कृष्ण व संजय चौधरी, और क्षेत्रीय प्रमुख अनिल कुमार झा, प्रशांत सिन्हा, तपन सिन्हा एवं सोमनाथ अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
​सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत छात्राओं को सहयोग
​व्यावसायिक विस्तार के साथ-साथ बैंक ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत दमदम पार्क स्थित कृष्णापुर आदर्श विद्यामंदिर फॉर गर्ल्स की जरूरतमंद छात्राओं को ५० साइकिलें और स्कूल बैग प्रदान किए। बैंक के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के दैनिक आवागमन को सुगम बनाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यपालक निदेशक लाल सिंह ने कहा, “आज का दिन बैंक के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमने कोलकाता में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। ईएम बाईपास में नई शाखा का उद्घाटन ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाओं को लोगों के करीब लाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, स्कूल में आयोजित हमारी सीएसआर पहल शिक्षा और समान अवसरों के माध्यम से अगली पीढ़ी को सशक्त बनाने के हमारे संकल्प को रेखांकित करती है।”
​साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तुहिना घोष (रे) और अंचल प्रमुख के. आर. कागदल सहित बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पष्ट किया है कि वह प्रमुख बाजारों में अपने नेटवर्क विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों में निरंतर निवेश करता रहेगा।

About Author

Advertisement