कोलकाता: पैटन इंटरनेशनल लिमिटेड के चेयरमैन एचपी बुधिया को हुरुन इंडिया द्वारा आयोजित ‘स्टार्स ऑफ द ईस्ट २०२६’ समारोह में सम्मानित किया गया है। उन्हें पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी मनोज अग्रवाल ने इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा।
समारोह में श्री बुधिया को “एक ऐसे नेता जिन्होंने भारत के लिए निर्माण किया और देश से ही उभरकर इस क्षेत्र में गहरा प्रभाव डाला एवं अपनी विरासत को पूरे राष्ट्र में फैलाया” के रूप में सम्मानित किया गया। हुरुन इंडिया भारत में उद्यमिता, धन सृजन, नवाचार, परोपकार और व्यवसाय का अध्ययन एवं सम्मान करने वाली प्रमुख अनुसंधान संस्था है।
भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ‘स्टार एक्सपोर्ट हाउस’ पैटन इंटरनेशनल के पश्चिम बंगाल में ८ अत्याधुनिक निर्माण संयंत्र (मैन्युफैक्चरिंग प्लांट) हैं, जिनमें ३,५०० से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी वैश्विक स्तर पर एबीबी, ईटन और इमर्सन जैसे शीर्ष बहुराष्ट्रीय समूहों के लिए ‘ग्लोबल वैल्यू चेन पार्टनर’ के रूप में कार्य करती है।
उच्च परिशुद्धता वाले इंजीनियरिंग घटकों (हाइ प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स) का निर्माण करने वाले पैटन के उत्पादों को ‘अंडरराइटर्स लेबोरेटरीज’ और ‘कैनडियन स्टैंडर्ड एसोसिएशन’ जैसे विश्व प्रसिद्ध गुणवत्ता संस्थानों द्वारा प्रमाणित किया गया है। निर्माण उत्कृष्टता, उत्पादकता और निर्यात प्रदर्शन के लिए इस संस्थान को भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों से राष्ट्रीय निर्यात पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।










