वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जैसे खाड़ी देशों के अनुरोध पर उन्होंने ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले की योजना को फिलहाल टाल दिया है। ट्रंप के अनुसार अमेरिकी सेना ‘द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े हमले’ की तैयारी कर चुकी थी, लेकिन सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान सहित प्रमुख खाड़ी नेताओं से बातचीत के बाद कूटनीतिक रास्तों को एक और मौका देने का फैसला किया गया।
ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देश ५ महीने पुराने इस युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते की रूपरेखा पर सहमत हो गए हैं। इस प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना शामिल है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर फिलहाल कोई बातचीत नहीं हो रही है और स्थिति अब पहले जैसी नहीं रहेगी।










