ग्लासगो: राष्ट्रमंडल खेल २०२६ में भारतीय एथलेटिक्स टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। पैरा एथलेटिक्स में पुरुषों की एफ५७ शॉटपुट स्पर्धा में सोमन राणा ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं गुलवीर सिंह ने पुरुषों की ५००० मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
एफ५७ शॉटपुट स्पर्धा में सोमन ने १३.४० मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक पक्का किया, जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। स्पर्धा में भारत के ही शुभम जुयाल ने १३.२८ मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि कांस्य पदक कैमरून के सेड्रिक अजामद्जी (१२.५७ मीटर) के नाम रहा। एशियाई पैरा खेल २०२२ में रजत पदक जीतने वाले सोमन ने इस बार स्वर्ण जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ा।
इसी तरह गुलवीर सिंह ने ५००० मीटर दौड़ में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इसके साथ ही एक ही संस्करण में दो एथलेटिक्स पदक जीतने वाले भी वह पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। वर्तमान एशियाई चैंपियन गुलवीर ने इससे पहले २८ जुलाई को १०,००० मीटर दौड़ में भी रजत पदक जीता था।
उन्होंने ५००० मीटर दौड़ में १३ मिनट २४.९५ सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। केन्या के मैथ्यू किपचुम्बा किपसांग ने १३ मिनट २३.६१ सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि रजत पदक ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन (१३ मिनट २४.७० सेकंड) के नाम रहा। गुलवीर ने अंतिम लैप में शानदार तेजी दिखाते हुए केन्या के कॉर्नेलियस केम्बोई को महज ०.०४ सेकंड से पीछे छोड़कर कांस्य पदक पक्का किया। हालांकि, तीसरा स्थान हासिल करने के बावजूद गुलवीर अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड (१२ मिनट ५९.७७ सेकंड) और इस सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (१३ मिनट ०३.९३ सेकंड) के करीब नहीं पहुंच सके।











