ग्लोबल स्टेशनरी और प्रीमियम लाइफस्टाइल ब्रांड्स का नया ठिकाना
कोलकाता: लिनक लिमिटेड के प्रीमियम लाइफस्टाइल रिटेल ब्रांड ‘स्टेको’ ने कोलकाता के प्रतिष्ठित कैमैक स्ट्रीट पर अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर शुरू किया है। इस स्टोर के साथ कंपनी ने प्रीमियम स्टेशनरी और लाइफस्टाइल रिटेल क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्टोर का औपचारिक उद्घाटन मिसेज इंडिया यूनिवर्स व अभिनेत्री ऋचा शर्मा तथा सेलिका ग्रुप के संस्थापक मयंक पोद्दार ने किया। कंपनी के अनुसार, यह स्टोर ग्राहकों को प्रीमियम स्टेशनरी और लाइफस्टाइल उत्पादों की खरीदारी का एक आधुनिक और अलग अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

स्टोर में २,००० से अधिक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें प्रीमियम पेन, नोटबुक, पेपर प्रोडक्ट्स, आर्ट और कलरिंग सामग्री, ऑफिस एवं स्कूल की जरूरत का सामान, लाइफस्टाइल उत्पाद और प्रीमियम गिफ्टिंग विकल्प शामिल हैं। यहां पेंटोनिक, लिनक, यूनिबॉल जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के अलावा लैमी, क्रॉस और शेफर जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम राइटिंग ब्रांड्स भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। स्टोर को आधुनिक रिटेल लेआउट के साथ तैयार किया गया है, जहां अलग-अलग श्रेणियों के लिए विशेष सेक्शन बनाए गए हैं और ग्राहकों को सही उत्पाद चुनने में मदद करने के लिए विशेषज्ञ भी तैनात किए गए हैं।

लिनक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दीपक जालान ने कहा कि कोलकाता में स्टेको के पहले फ्लैगशिप स्टोर की शुरुआत कंपनी की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनका उद्देश्य सिर्फ एक रिटेल स्टोर खोलना नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव देना था जहां रचनात्मकता और नवाचार लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेको के जरिए विश्वस्तरीय ब्रांड्स को एक जगह लाकर ग्राहकों को नया खरीदारी अनुभव दिया जा रहा है। यह स्टोर मुख्य रूप से छात्रों, पेशेवरों, कलाकारों, उद्यमियों और उपहार पसंद करने वाले ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।










