नई दिल्ली: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर ७५० बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में दुनिया की १०वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को २१-१४, २१-११ से आसानी से शिकस्त दी। मैच में सिंधु ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और लंबी रैलियों पर नियंत्रण रखते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की। वे पहले गेम के ब्रेक तक ११-६ से आगे चल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने सटीक ड्रॉप शॉट, बैकहैंड और हाफ-स्मैश के जरिए मलेशियाई खिलाड़ी पर लगातार दबाव बनाए रखा और पहला गेम २१-१४ से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी उन्होंने अपनी मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और जल्द ही ८-२ की बढ़त बना ली, जिसे ब्रेक तक ११-३ तक पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार अंक बटोरते हुए २१-११ से गेम और मैच दोनों अपने नाम कर लिए।
मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अगले दौर का टिकट पक्का किया। इस भारतीय जोड़ी ने स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन की जोड़ी को २१-१६, २१-१४ से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि, मिश्रित युगल के एक अन्य मुकाबले में भारत को निराशा हाथ लगी, जहां रोहन कपूर और रुतविका शिवानी गद्दे की जोड़ी को चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ ११-२१, १०-२१ से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।









