सीआईएसएफ के डीआईजी एलके हाओकिप बने कोलकाता एयरपोर्ट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी

kolkata-airport-chief-security-officer-1784021564975_m

कोलकाता: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के डीआईजी एलके हाओकिप ने सोमवार को कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सीआईएसएफ सुरक्षा समूह के मुख्य विमानपत्तन सुरक्षा अधिकारी (कैसो) का पदभार संभाल लिया है।
​उन्होंने अजय कुमार का स्थान लिया है, जिनका हैदराबाद स्थानांतरण हुआ है। वर्ष २००५ में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के माध्यम से सीआईएसएफ में शामिल हुए हाओकिप इससे पहले आइएसपी बर्नपुर में तैनात थे, जहां उन्होंने सुरक्षा संचालन और प्रशासनिक कार्यों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।
​सीआईएसएफ द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि डीआईजी हाओकिप विमानन सुरक्षा के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का लंबा अनुभव रखते हैं। इससे पहले वह कोलकाता, गोवा, अगरतला और गुवाहाटी के गोपीनाथ बरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी मुख्य विमानपत्तन सुरक्षा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इन जिम्मेदारियों के दौरान उन्होंने हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने, परिचालन तैयारियों में सुधार करने तथा यात्रियों के अनुकूल सुरक्षा व्यवस्था लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
​अपने लंबे सेवा काल में हाओकिप ने विमानन सुरक्षा प्रणालियों के आधुनिकीकरण, सुरक्षा कर्मियों के प्रशिक्षण, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था, खुफिया समन्वय और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षा उपायों को लागू करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कोलकाता विमानपत्तन सुरक्षा समूह के अधिकारियों और जवानों ने एलके हाओकिप का दोबारा मुख्य विमानपत्तन सुरक्षा अधिकारी के रूप में स्वागत किया है। सीआईएसएफ को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में देश के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों में शामिल कोलकाता एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

About Author

Advertisement