नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली स्थित मन्नम इंटरनेशनल सेंटर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाया। इस वृक्षारोपण अभियान का आयोजन केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने प्रख्यात सामाजिक सुधारक मन्नथु पद्मनाभन की प्रतिमा का अनावरण किया और ‘मन्नम स्मृति मंडपम’ का उद्घाटन भी किया। प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश भर में बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जा रहे हैं।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री श्री सुरेश गोपी ने भी हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी सहभागिता दर्ज की। मंत्रालय के अनुसार, यह अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है, बल्कि आम जनता को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील भी बना रहा है।









