नई दिल्ली: भारत में ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) चलाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मानसून के मौसम में हर किसी के मन में यह सवाल रहता है कि क्या ईवी सुरक्षित है?
वैसे तो आज की अधिकांश इलेक्ट्रिक कारों में बैटरी पैक और हाई-वोल्टेज सिस्टम को वाटर-रेसिस्टेंट और सुरक्षित बनाया गया है, इसलिए सामान्य बारिश में ईवी चलाने में कोई समस्या नहीं होती है। लेकिन गहरे पानी, खराब सड़कों या लापरवाही के कारण गाड़ी के मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है। इन समस्याओं से बचने के लिए ध्यान रखने योग्य बातें इस प्रकार हैं:
१. पानी से भरी सड़क पर गाड़ी न ले जाएं
वैसे तो ईवी की बैटरी सुरक्षित होती है, लेकिन गहरे पानी में जाने से व्हील बेयरिंग, ब्रेक, सस्पेंशन और इलेक्ट्रिकल कनेक्टर्स प्रभावित हो सकते हैं। यदि पानी की गहराई का अंदाजा न हो, तो जोखिम लेने के बजाय दूसरा रास्ता चुनें या पानी कम होने का इंतजार करें।
२. चार्जिंग पोर्ट को हमेशा साफ रखें
बारिश में ईवी चार्ज करना सुरक्षित होता है क्योंकि कार और चार्जर दोनों में सुरक्षा प्रणालियां (सेफ्टी सिस्टम) होती हैं। लेकिन चार्जिंग करने से पहले यह जरूर जांच लें कि चार्जिंग पोर्ट में पानी, मिट्टी या पत्तियां जमा न हों। चार्जिंग पोर्ट को सूखे कपड़े से साफ करें और किसी भी क्षतिग्रस्त (डैमेज) चार्जिंग केबल या अनधिकृत एक्सटेंशन का उपयोग न करें।
३. स्मूथ एक्सीलरेशन और ब्रेकिंग अपनाएं
इलेक्ट्रिक कारों में तुरंत टॉर्क मिलता है, जिससे गीली सड़क पर टायर फिसल सकते हैं। इसलिए एक्सीलेटर को धीरे-धीरे दबाएं। आगे चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और यदि आपकी ईवी में रिजेनरेटिव ब्रेकिंग को एडजस्ट करने का विकल्प है, तो मानसून में हल्का (लाइट) मोड चुनना बेहतर होगा।
४. पानी से भरी सड़क पार करने के बाद अंडरबॉडी जरूर जांचें
यदि आपने अपनी ईवी को पानी से भरे रास्ते पर चलाया है, तो उसके बाद कार की अंडरबॉडी की जांच जरूर करें। देखें कि कोई प्लास्टिक कवर ढीला तो नहीं हुआ है या कोई स्क्रैच या नुकसान तो नहीं है। अगर डैशबोर्ड पर कोई वार्निंग लाइट दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत अधिकृत (अथॉराइज्ड) सर्विस सेंटर पर गाड़ी की जांच करवाएं।
५. बारिश के बाद गाड़ी की सफाई जरूर करें
बारिश के पानी के साथ कीचड़, तेल और गंदगी भी कार के व्हील आर्च, अंडरबॉडी और चार्जिंग फ्लैप के आसपास जमा हो सकती है। बारिश के बाद गाड़ी को अच्छी तरह साफ करें, विशेष रूप से चार्जिंग एरिया और अंडरबॉडी को। इससे जंग लगने और भविष्य में तकनीकी समस्या आने की संभावना कम हो जाती है।










