उद्योगपतियों को बंगाल में निवेश के लिए किया आमंत्रित
गांधीनगर: पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित भारत के प्रमुख मल्टीमोडल ट्रांसपोर्ट और मोबिलिटी कार्यक्रम ‘प्रवास ५.०’ में हिस्सा लिया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन ‘बस एंड कार ऑपरेटर्स कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (बीओसीआई) द्वारा किया गया।
इस दौरान माननीय मंत्री डॉ. घोष के साथ पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री श्री अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने भारत सरकार के माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, उत्तराखंड के परिवहन मंत्री और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा सहकारिता राज्य मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने बीओसीआई के शीर्ष नेतृत्व के साथ भी बैठक की।
पश्चिम बंगाल और देश के परिवहन एवं मोबिलिटी क्षेत्र के भविष्य पर चर्चा करते हुए, माननीय मंत्री ने देश भर के बस और कार ऑपरेटरों सहित इस क्षेत्र से जुड़े उद्योगपतियों को पश्चिम बंगाल आने और निवेश करने का सादर आमंत्रण दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पश्चिम बंगाल नए निवेशों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है और जल्द ही यह देश के सबसे उन्नत व अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।
यह आयोजन सुरक्षित, स्मार्ट और संधारणीय (सस्टेनेबल) सार्वजनिक परिवहन पर विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक गतिशील मंच साबित हुआ है। इसमें पर्यटन को बढ़ावा देने, कनेक्टिविटी को मजबूत करने और समावेशी आर्थिक विकास की रफ्तार तेज करने में एकीकृत मोबिलिटी (इंटीग्रेटेड मोबिलिटी) की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
पश्चिम बंगाल सरकार नवाचार (इनोवेशन) को बढ़ावा देने, परिवहन-पर्यटन के अंतर्संबंधों को मजबूत करने और नागरिकों व पर्यटकों के लिए एक सुगम यात्रा पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) का निर्माण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









