आलो और नरोत्तम नगर में खुलेंगे रामकृष्ण मिशन के उच्च शिक्षण संस्थान
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के शैक्षिक भविष्य के लिए एक अत्यंत सुखद खबर सामने आई है। राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अरुणाचल में उच्च शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रामकृष्ण मिशन के साथ सहयोग को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री खांडू ने रामकृष्ण मिशन, बेलूर मठ के सहायक महासचिव श्रद्धेय स्वामी बोधशरणानंद जी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक चर्चा के बाद यह जानकारी दी है कि आलो और नरोत्तम नगर में शीघ्र ही उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
यह महत्वपूर्ण चर्चा अरुणाचल के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के द्वार खोलेगी। लंबे समय से समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले रामकृष्ण मिशन का यह कदम स्थानीय युवाओं के भविष्य में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा। मुख्यमंत्री खांडू ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए रामकृष्ण मिशन के प्रति आभार व्यक्त किया है और यह विश्वास जताया है कि यह पहल अरुणाचल के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।










