हेलमेट न पहनने वाले चालकों को बांटे गए मुफ्त हेलमेट
सिलीगुड़ी: सड़कों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सिलीगुड़ी के कोर्ट मोड़ इलाके में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘श्री शांति होंडा’ और ‘पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रैफिक डीसीपी काजी शम्सुद्दीन अहमद, अन्य ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और संस्था के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस अभियान के दौरान कोर्ट मोड़ से गुजरने वाले उन दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया जो बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी और भविष्य में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले इन चालकों को संस्था की ओर से मुफ्त में हेलमेट भी प्रदान किए गए और नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प दिलाया गया। इस पहल पर बात करते हुए श्री शांति होंडा के जनरल मैनेजर बानीब्रत नंदी ने कहा कि इस तरह के सामाजिक सरोकार के कार्य भविष्य में भी जारी रहेंगे और पुलिस प्रशासन के सहयोग से आम जनता के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।










