सिलीगुड़ी में श्रीदश महाविद्या विष्णुसहस्त्र कोटिहवन महायज्ञ शुरू

3dac7fa8-c12b-42ee-8c94-c52c2e86b5ae

सांसद विष्ट द्वारा गुरु महाराज का आशीर्वाद ग्रहण

सिलीगुड़ी: शिव शक्ति धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में गांधी मैदान, २ माइल चेकपोस्ट, सिलीगुड़ी में ‘श्रीदश महाविद्या विष्णुसहस्त्र कोटिहवन महायज्ञ – २०२६’ का भव्य आयोजन हो रहा है। इस महायज्ञ में आज दार्जिलिंग के सांसद राजू विष्ट ने विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई और परम पूज्य गुरु श्री श्री श्री १००८ बाबा कालीदास कृष्णानंद परमहंस जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया।
​वैदिक परंपरा के अनुसार यह महायज्ञ अत्यंत दुर्लभ और विशेष अनुष्ठान माना जाता है। जगत के पालनकर्ता भगवान विष्णु और दस महाविद्याओं की संयुक्त कृपा, ब्रह्मांडीय शांति तथा संपूर्ण मानव कल्याण के लिए इस महायज्ञ का आयोजन किया गया है। अनुष्ठान के दौरान आध्यात्मिक उन्नति, रोगों के नाश और असीम समृद्धि की कामना के साथ भगवान विष्णु के एक हजार पवित्र नामों (विष्णु सहस्रनाम) का करोड़ों बार जप कर हवन में आहुति अर्पित की जाएगी, ऐसा आयोजकों ने बताया है।
​महायज्ञ में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद राजू विष्ट ने कहा कि भगवान विष्णु की पूजा-आराधना केवल धर्म का बोध ही नहीं कराती, बल्कि चरित्र निर्माण, परिवार निर्माण और राष्ट्र निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करती है।
​”जब व्यक्ति का चरित्र मजबूत होता है, तब परिवार सुदृढ़ होता है; जब परिवार सुदृढ़ होता है, समाज सभ्य बनता है और जब समाज सभ्य होता है, तभी राष्ट्र शक्तिशाली बनता है,” सांसद विष्ट ने कहा।
​उन्होंने आगे कहा कि आज के आधुनिक युग में भौतिक विकास जितना ही आवश्यक संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना भी है। सनातन संस्कृति ने हमेशा विश्व को “वसुधैव कुटुम्बकम्” (विश्व ही एक परिवार है) का संदेश दिया है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उनके अनुसार, ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को संस्कार देने और समग्र सभ्यता को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
​समारोह में सांसद विष्ट ने कथा व्यास पीठ पर विराजमान पूज्य गुरुदेव, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, मातृशक्ति, श्रद्धालु सर्वसाधारण तथा उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हार्दिक नमन एवं श्रद्धा अर्पित की। महायज्ञ में सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों से हजारों भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

About Author

Advertisement