सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं और बड़ी दुर्घटनाओं से निपटने तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए २०० उच्च प्रशिक्षित जवानों के एक विशेष बल (स्पेशलाइज्ड फोर्स) के गठन की घोषणा की है। राज्य के वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने सरकार की इस नई कार्ययोजना को साझा किया। इस विशेष इकाई में भौगोलिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों से ५०, सुंदरवन से ५० और राज्य के अन्य हिस्सों से १०० कुशल कर्मियों को शामिल किया जाएगा।
इस विशेष बल को उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों सहित राज्य के सभी आपदा संभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
इस बीच, दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन के प्रति दिखाई गई उदासीनता के विपरीत, वर्तमान सरकार का यह निर्णय अत्यंत सकारात्मक और दूरदर्शी है। सांसद बिष्ट ने उत्तर बंगाल जैसे आपदा के प्रति संवेदनशील क्षेत्र को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी और वित्त मंत्री डॉ. दासगुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया है।









