वैंकूवर: इजिप्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ असाधारण वापसी करते हुए फीफा वर्ल्ड कप में लगभग एक शताब्दी के बाद अपनी पहली जीत हासिल की। कनाडा के बीसी प्लेस वैंकूवर स्टेडियम में सोमवार सुबह खेले गए फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के ग्रुप जी के मैच में इजिप्ट ने न्यूजीलैंड को ३-१ से पराजित किया। इस जीत के साथ इजिप्ट ग्रुप जी के शीर्ष स्थान पर पहुंचकर नॉकआउट चरण में पहुंचने की संभावना को मजबूत कर चुका है। इजिप्ट ने साल १९३४ में पहली बार वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। उसके बाद मिस्र ने अपनी चौथी सहभागिता में पहली जीत हासिल की। इस तरह इजिप्ट को वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए पूरे ३३,६२८ दिन यानी ९२ साल प्रतीक्षा करनी पड़ी। इससे पहले ग्रुप जी के पहले मैच में इजिप्ट ने बेल्जियम के साथ ड्रॉ खेला था। इजिप्ट की इस ऐतिहासिक जीत में मोहम्मद सालाह, मोस्तफा जिको और ट्रेजेगुएट ने १-१ गोल किया। मैच में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। फिन सर्मन ने मैच के १५वें मिनट में गोल कर न्यूजीलैंड को बढ़त दिलाई। मैच के मध्यांतर (हाफ टाइम) तक भी न्यूजीलैंड आगे रहा था। दूसरे हाफ के खेल में इजिप्ट ने असाधारण वापसी करके जीत हासिल की। मैच के ५८वें मिनट में जिको ने गोल कर इजिप्ट को बराबरी पर पहुंचाया। उसके ९ मिनट बाद इजिप्ट के कप्तान सालाह ने गोल करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। अंत में ८२वें मिनट में ट्रेजेगुएट ने गोल करते हुए इजिप्ट की जीत सुनिश्चित कर दी। मैच में बॉल पजेशन से लेकर विपक्षी पोस्ट पर हमला करने तक में इजिप्ट का वर्चस्व रहा। इस जीत के साथ इजिप्ट २ मैचों से ४ अंकों के साथ ग्रुप जी के शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। इजिप्ट अब नॉकआउट चरण में पहुंचने के करीब है। ईरान और बेल्जियम के पास २-२ अंक हैं। गोल अंतर के आधार पर एशियाई देश दूसरे स्थान पर है। वहीं न्यूजीलैंड के पास केवल एक अंक है। मैच के बाद इजिप्ट के कप्तान सालाह ने कहा कि यह अविश्वसनीय है और इसे शब्दों में बयान करना कठिन है, यह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बड़ी उपलब्धि है और हम इसी तरह आगे बढ़ते हुए नॉकआउट चरण में पहुंचने के प्रति आशान्वित हैं।










