एमबाप्पे के उत्कृष्ट प्रदर्शन से फ्रांस की ३–१ से जीत

ee211eda-a3be-402c-be93-8896b458e15a

​नयी दिल्ली: स्टार फॉरवर्ड और कप्तान किलियन एमबाप्पे के २ गोल की मदद से पिछले संस्करण की उपविजेता फ्रांस ने फिफा वर्ल्ड कप २०२६ में जीत के साथ शुरुआत की। अमेरिका के न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप आई के मैच में फ्रांस ने सेनेगल को ३–१ से पराजित किया। इस जीत के साथ फ्रांस ने ३ अंक हासिल किए। फ्रांस की तरफ से मैच में कप्तान एमबाप्पे ने २ और ब्रैडली बारकोला ने एक गोल किया। सेनेगल के लिए इब्राहिम म्बाये ने एकमात्र गोल किया। मैच का पहला हाफ बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन गोल हासिल नहीं कर सकीं। अंततः मैच के ६६वें मिनट में एमबाप्पे ने फ्रांस को बढ़त दिलाई। इसके बाद ८२वें मिनट में बारकोला ने गोल कर फ्रांस की बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में इब्राहिम म्बाये ने गोल कर सेनेगल को मैच में वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन ठीक एक मिनट बाद ही एमबाप्पे ने व्यक्तिगत दूसरा गोल दागकर फ्रांस की जीत सुनिश्चित कर दी।
​सेनेगल के निकोलस जैक्सन और इस्माइला सार को पहले हाफ में गोल करने के सुनहरे मौके मिले थे, जिसका दोनों ही फायदा नहीं उठा सके। इस तरह फ्रांस ने सेनेगल से २४ साल पुरानी हार का हिसाब भी चुकता कर लिया। साल २००२ में हुए वर्ल्ड कप में फ्रांस को सेनेगल ने १-० से पराजित किया था। सेनेगल के खिलाफ २ गोल करने के साथ ही एमबाप्पे के वर्ल्ड कप में कुल १४ गोल पूरे हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने साल २०१८ में ४ और २०२२ के वर्ल्ड कप में ८ गोल किए थे। वर्ल्ड कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में अब वे संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर आ गए हैं। इस सूची के शीर्ष स्थान पर जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी संयुक्त रूप से काबिज हैं। इन दोनों ने १६-१६ गोल किए हैं। वहीं ब्राजील के रोनाल्डो के नाम १५ गोल दर्ज हैं। एमबाप्पे ने आज २ गोल के साथ ही जस्ट फोंटेन (फ्रांस, १३ गोल) और पेले (ब्राजील, १२ गोल) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

About Author

Advertisement