फीफा वर्ल्ड कप में जर्मनी की एकतरफा जीत, नीदरलैंड्स का ड्रॉ

bc313512-15e4-40ff-abbb-49a75de9c549

​नई दिल्ली: खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में प्रभावशाली शुरुआत की है। चार बार की विश्व विजेता जर्मनी ने अपने पहले मैच में वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रहे कुरासाओ को ७-१ से करारी शिकस्त दी। अमेरिका के ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ई के इस मैच में, कैरेबियाई देश कुरासाओ ने वर्ल्ड कप में पर्दापण करते हुए पूर्व चैंपियन के खिलाफ गोल का खाता खोलने में तो सफलता पाई, लेकिन वह गोल की बारिश को रोक नहीं सका। मैच में जर्मनी ने पहले हाफ में ३ और दूसरे हाफ में ४ गोल कर एकतरफा जीत दर्ज की।
​जर्मनी की ओर से काई हावेर्ट्ज ने दो गोल किए। इसके अलावा फेलिक्स एनमेचा, निको स्लोटरबेक, जमाल मुसियाला, नथानिएल ब्राउन और डेनिज उंडाव ने एक-एक गोल का योगदान दिया। कप्तान जोशुआ किमिच ने दो असिस्ट किए।
​मैच में ६५ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली जर्मनी के लिए एनमेचा ने छठे मिनट में ही पहला गोल कर खाता खोला। शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद जर्मनी ने कुरासाओ पर लगातार दबाव बनाए रखा। इसी बीच कुरासाओ के खिलाड़ी ने २१वें मिनट में गोल कर स्कोर १-१ की बराबरी पर ला दिया। मैच बराबरी पर आने के बाद जर्मनी ने विपक्षी टीम को सिर उठाने का कोई मौका नहीं दिया। सेंटरबैक निको स्लोटरबेक ने ३८वें मिनट में गोल कर जर्मनी को २-१ की बढ़त दिला दी। नथानिएल ब्राउन के कॉर्नर पर निको ने हेडर के जरिए यह गोल किया। इसके बाद हावेर्ट्ज ने पहले हाफ के इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदला, जिससे पहले हाफ तक जर्मनी ३-१ से आगे हो गया।
​दूसरे हाफ में भी जर्मनी की रफ्तार नहीं रुकी। जमाल मुसियाला ने ४७वें, ब्राउन ने ६८वें और उंडाव ने ७८वें मिनट में गोल दागे। पहले ही मैच में इस आसान जीत के साथ जर्मनी ने ग्रुप ई में ३ अंक हासिल कर लिए हैं। गौरतलब है कि २०१४ में ब्राजील में वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद जर्मनी २०१८ और २०२२ के संस्करणों में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। इस बार पहले ही मैच में जीत के साथ जर्मनी ने नॉकआउट राउंड में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत कर लिया है। जर्मनी अगले मैच में आइवरी कोस्ट का सामना करेगा, जबकि कुरासाओ का मुकाबला इक्वाडोर से होगा।

About Author

Advertisement