२५ से ३५ लाख आबादी वाले शहरों में विस्तार की तैयारी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक बड़ा एलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि कोलकाता महानगर की सीमाओं से बाहर राज्य के अन्य प्रमुख शहरी क्षेत्रों में भी मेट्रो या सिटी मेट्रो सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस संबंध में राज्य सरकार ने प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग को दिए हैं। मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि २५ लाख से ३५ लाख आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में नगरीय मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा गया था, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए इस तैयार रिपोर्ट को जल्द ही नई दिल्ली भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने मेट्रो परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री द्वारा दी जा रही वित्तीय सहायता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस सहयोग का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी बीच, शहरी विकास एवं नगर मामलों के विभाग के राज्यमंत्री उमेश मंत्री ने बताया कि पिछले सप्ताह रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई बैठक में हावड़ा और हुगली को मेट्रो के जरिए कोलकाता से जोड़ने का प्रस्ताव दिया गया था। इस योजना के तहत हावड़ा मैदान मेट्रो को एक्सटेंड करके सान्तरागाछी स्टेशन तक जोड़ने का प्रस्ताव है, जिससे विश्वस्तरीय बन रहे सान्तरागाछी स्टेशन के यात्रियों की कनेक्टिविटी की समस्या का समाधान होगा। इसके अलावा, बी गार्डन से बाली होते हुए दक्षिणेश्वर और हुगली के डानकुनी तक मेट्रो सेवा ले जाने का भी प्रस्ताव है। इससे शालीमार स्टेशन आने वाले यात्री भी मेट्रो के जरिए हावड़ा, बाली, डानकुनी और एयरपोर्ट सहित कोलकाता के बाकी हिस्सों में आसानी से जा सकेंगे। दूसरी ओर, पेपर लीक के कारण रद्द हुई नीट-यूजी की परीक्षा अब २१ जून को आयोजित की जाएगी, जबकि राज्य में नई सरकार का पहला बजट २२ जून को पेश किया जाएगा।










