इंडोनेशिया ओपन: सात्विक के चोटिल होने से भारतीय शीर्ष जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर

IMG-20260603-WA0067

जकार्ता: भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का इंडोनेशिया ओपन २०२६ बैडमिंटन टूर्नामेंट में अभियान बेहद निराशाजनक रूप से समाप्त हो गया है। जकार्ता में जारी इस सुपर १००० टूर्नामेंट के पहले दौर में सात्विक के चोटिल होने के कारण भारतीय जोड़ी को मैच बीच में ही छोड़ना पड़ा।
​मलेशिया के कांग खाई शिंग और आरोन ताई के खिलाफ मुकाबले के दौरान, जब भारतीय जोड़ी ६-११ से पीछे चल रही थी, तब सात्विक ने दाहिने कंधे में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद मैच रोक दिया गया। विश्व की चौथे नंबर की इस जोड़ी को इस सीजन में पहली बार चोट के कारण किसी मैच से हटना पड़ा है।
​भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने सात्विक की चोट की पुष्टि करते हुए कहा कि भारतीय जोड़ी ने सात्विक की चोट के कारण पॉलीट्रॉन इंडोनेशिया ओपन २०२६ से अपना नाम वापस ले लिया है। संघ के अनुसार, यह जोड़ी अब आगामी महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों की तैयारी के लिए अपनी रिकवरी और पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करेगी। सात्विक और चिराग की जोड़ी इस टूर्नामेंट में बेहतरीन फॉर्म के साथ उतरी थी। इस जोड़ी ने पिछले रविवार को ही सिंगापुर ओपन का खिताब जीतकर करीब दो साल से जारी खिताबी सूखे को समाप्त किया था।
​सात्विक-चिराग की जोड़ी के बाहर होने के बावजूद, मिश्रित युगल में रोहन कपूर और शिवानी रुथविका गद्दे की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय जोड़ी ने चीनी ताइपे के यांग पो-हसुआन और हू लिंग फांग की विश्व रैंकिंग में २०वें नंबर की जोड़ी को सीधे सेटों में २१-१४, २१-१४ से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। वहीं, महिला एकल में पीवी सिंधु दूसरे दौर में पहुंचने वाली भारत की एकमात्र खिलाड़ी बनी हुई हैं।

About Author

Advertisement