नई दिल्ली: आज के समय में मोटापा एक बड़ा हेल्थ प्रॉब्लम बनता जा रहा है। आमतौर पर लोग मोटापे को दिल की बीमारी, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से ही जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसका सीधा असर शरीर के दूसरे जरूरी अंगों पर भी पड़ सकता है। किडनी हमारे शरीर से टॉक्सिक यानी जहरीले पदार्थों को बाहर निकालने और कई इम्पोर्टेन्ट काम को कंट्रोल करने में बड़ा रोल निभाती है, पर बढ़ता हुआ वजन इसकी सेहत को भी खराब कर सकता है।
मोटापा सिर्फ शरीर के साइज या वजन तक ही सीमित रहने वाली समस्या नहीं है। यह कई तरह की बीमारियों के खतरे को बढ़ा देता है, जो आगे चलकर शरीर के कई हिस्सों को डैमेज कर सकती हैं। किडनी भी उन्हीं अंगों में से एक है, जो बॉडी को फिट रखने के लिए लगातार काम करती रहती है। हालांकि, किडनी से जुड़ी परेशानियां शुरुआती दिनों में कोई साफ लक्षण नहीं दिखातीं, जिससे लोग लंबे समय तक इस बात से अनजान रह जाते हैं। इसीलिए यह जानना बहुत जरूरी है कि बढ़ता मोटापा किडनी को कैसे इफेक्ट करता है, इसमें क्या-क्या लक्षण दिखाई देते हैं और इससे बचने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए।
मोटापा किडनी को कैसे प्रभावित करता है?
नेशनल किडनी फाउंडेशन के मुताबिक, मोटापे की वजह से क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) का रिस्क काफी बढ़ जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वजन ज्यादा होने पर बॉडी को नॉर्मल तरीके से काम करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे किडनी पर एक्स्ट्रा प्रेशर पड़ता है। इसके अलावा, मोटापा हाई ब्लड प्रेशर और टाइप २ डायबिटीज जैसी बीमारियों को जन्म देता है, जो किडनी खराब होने के सबसे बड़े कारणों में गिने जाते हैं। लंबे समय तक बढ़ा हुआ वजन किडनी की काम करने की क्षमता को कमजोर कर सकता है।
कौन-से लक्षण दिखाई दे सकते हैं?
किडनी की बीमारी शुरुआती स्टेज में तुरंत पकड़ में नहीं आती। फिर भी, कुछ लोगों में पैर, टखनों या चेहरे पर सूजन आना, बहुत ज्यादा थकावट महसूस होना, बार-बार यूरिन (पेशाब) आना या यूरिन से जुड़ी दूसरी तकलीफें दिखाई दे सकती हैं। इसके अलावा भूख कम लगना, किसी काम में फोकस न कर पाना या शरीर में कमजोरी लगना भी किडनी की खराबी का संकेत हो सकता है। अगर ऐसे लक्षण लगातार बने रहें, तो डॉक्टर से मिलकर जरूरी टेस्ट कराने चाहिए।
मोटापे को कंट्रोल और किडनी को कैसे रखें हेल्दी?
वजन को कंट्रोल में रखने के लिए सही खान-पान अपनाएं और हर दिन फिजिकल एक्टिविटी या एक्सरसाइज जरूर करें। जंक फूड, ज्यादा मीठी चीजें और प्रोसेस्ड फूड खाने से बचें। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर को हमेशा कंट्रोल में रखें और रेगुलर हेल्थ चेकअप कराते रहें। स्मोकिंग और ज्यादा शराब पीने की आदत से दूर रहना भी किडनी को सुरक्षित और हेल्दी रखने में काफी मदद करता है।










