नई दिल्ली: कोलकाता में स्थापित ७० फीट ऊंचे लायनल मेस्सी के पुतले को सुरक्षा कारणों से हटाने की तैयारी की जा रही है। पुतला लगाए जाने के करीब पांच महीने बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने यह कदम उठाने का फैसला किया है।
२५ मई को कोलकाता के लोगों ने लोक निर्माण विभाग (पिडव्लुडी) से शिकायत की कि पुतला हवा में हिल रहा है। इसके बाद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और इसे हटाने का निर्णय लिया।
पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा, “लोगों से शिकायत मिलने के बाद हमारी टीम को निरीक्षण के लिए भेजा गया। हम भविष्य में किसी भी दुर्घटना से बचना चाहते हैं। इसलिए इससे पहले कि कोई हादसा हो, हम इस पुतले को हटाने की योजना बना रहे हैं।”
फुटबॉल के महान खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रशंसकों द्वारा बनाए गए इस सुनहरे पुतले में मेस्सी को २०२२ फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाते हुए दिखाया गया था।
फिलहाल पुतले को भारी नायलॉन रस्सियों से बांधकर सुरक्षित किया गया है और लोगों तथा वाहनों को दूर रखने के लिए वहां बैरिकेड लगाए गए हैं।
कोलकाता में लायनल मेस्सी के प्रशंसकों की बड़ी संख्या है। शहर में फुटबॉल के प्रति दीवानगी फैन जोन, स्मारकों, प्रशंसकों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों और विशाल भित्ति चित्रों के जरिए साफ दिखाई देती है।
सिर्फ २७ दिनों में तैयार किया गया यह पुतला पिछले दिसंबर में मेस्सी के “गॉट इंडिया टूर” के दौरान अनावरण किया गया था। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था फैल गई थी। मेस्सी के जल्दी कार्यक्रम स्थल छोड़ने के फैसले के बाद कुछ प्रशंसकों ने बोतलें फेंकीं और स्टेडियम के गेट तोड़ने की कोशिश भी की।
अब कोलकाता प्रशासन इस पुतले के लिए नई जगह तलाश रहा है। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कई लोगों ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि यह पुतला मेस्सी जैसा दिखता ही नहीं है।
एक यूजर ने लिखा, “वह मेस्सी नहीं है… वह तो बस कोई भारतीय लड़का है जिसने वर्ल्ड कप पकड़ रखा है।”










