नई दिल्ली: फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन महिला एकल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना और अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा ने अपने-अपने मैच जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। वहीं, स्विट्जरलैंड के दिग्गज खिलाड़ी और २०१५ के चैंपियन स्टैनिस्लास वावरिंका पहले ही दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
सोमवार को खेले गए कड़े मुकाबले में यूक्रेन की ७वीं वरीयता प्राप्त स्वितोलिना ने हंगरी की एना बोंदार को ३-६, ६-१, ७-६ (१०-३) से पराजित किया। २ घंटे २६ मिनट तक चले इस उतार-चढ़ाव भरे मैच के पहले सेट में पिछड़ने के बाद स्वितोलिना ने शानदार वापसी की। निर्णायक सेट में स्वितोलिना एक समय ५-३ से आगे थीं, लेकिन बोंदार ने स्कोर ६-५ कर दिया। अंततः अनुभवी स्वितोलिना ने मैच को सुपर टाईब्रेकर में खींचते हुए जीत अपने नाम की। दूसरे दौर में उनका सामना क्वालीफायर कैटलिन क्वेवेडो से होगा।
दिग्गज़ वावरिंका की भावुक विदाई
टूर्नामेंट के पूर्व चैंपियन ४१ वर्षीय स्टेन वावरिंका का रोलां गैरो का सफर इस बार पहले ही दौर में समाप्त हो गया। उन्हें नीदरलैंड के जेस्पर डी जोंग ने ३-६, ६-३, ३-६, ४-६ से मात दी। वावरिंका पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि यह उनके करियर का आखिरी सीजन है, जिसके चलते पूरा स्टेडियम काफी भावुक नजर आया।
मैच के बाद टूर्नामेंट आयोजकों ने वावरिंका को फ्रेंच ओपन की मिट्टी से सजे एक विशेष स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। साथ ही स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर उनके करियर के यादगार पलों को दिखाया गया। वावरिंका ने २०१५ के फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराकर खिताब जीता था। उन्हें टेनिस इतिहास में उनके शक्तिशाली वन-हैंडेड बैकहैंड के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
चोट के बाद अनिसिमोवा की धमाकेदार वापसी
कलाई की चोट के कारण करीब ८ सप्ताह तक कोर्ट से दूर रहीं अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा ने भी शानदार वापसी की है। उन्होंने फ्रांस की तियानत्सोआ राकोतोमांगा राजाओना को सीधे सेटों में ६-३, ६-१ से करारी शिकस्त दी।
शुरुआती पांच गेम में दो बार अपनी सर्विस गंवाने के बाद २०१९ की पूर्व सेमीफाइनलिस्ट अनिसिमोवा ने लय पकड़ी और अगले १२ में से ११ गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान उन्होंने २४ विनर्स लगाए। दूसरे दौर में अब उनका मुकाबला ऑस्ट्रिया की जूलिया ग्रेबर से होगा, जिन्होंने स्लोवाकिया की रेबेका स्रामकोवा को सीधे सेटों में पराजित किया है।










