​वेस्टइंडीज दौरे के लिए श्रीलंका की टीम घोषित, कुसल मेंडिस को कप्तानी की जिम्मेदारी

IMG-20260526-WA0069

कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने आगामी वेस्टइंडीज दौरे के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस को वनडे और टी-२० टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच आगामी जून-जुलाई में तीन वनडे, तीन टी-२० अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।
​वनडे सीरीज ३ से ८ जून तक और टी-२० सीरीज ११ से १४ जून तक खेली जाएगी। वहीं, २५ जून से ७ जुलाई तक चलने वाली टेस्ट श्रृंखला के लिए धनंजय डी सिल्वा को टीम का कप्तान बनाया गया है। इस दौरे के दौरान एक चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेला जाएगा।
​इस साल की शुरुआत में श्रीलंका के निराशाजनक टी-२० वर्ल्ड कप अभियान के बाद बोर्ड ने कप्तानी में यह बदलाव किया है। तत्कालीन कप्तान दासुन शनाका के नेतृत्व में टीम नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने में असफल रही थी। हालांकि, कप्तानी गंवाने के बाद भी शनाका १६ सदस्यीय टी-२० टीम में अपनी जगह बचाने में सफल रहे हैं। दूसरी ओर, चरिथ असलंका को वनडे टीम में तो शामिल किया गया है, लेकिन टी-२० टीम से बाहर कर दिया गया है।
​स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा चोट से उबरकर टीम में वापस लौट आए हैं। वर्ल्ड कप के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण वह फरवरी की शुरुआत से ही मैदान से बाहर थे और इस वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से आईपीएल में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। उन्हें वनडे और टी-२० दोनों टीमों में शामिल किया गया है।
​घोषित टीम में कामिंदु मेंडिस को दोनों प्रारूपों का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा पथुम निसांका, महीश तीक्ष्णा और दुष्मंथा चमीरा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने भी टीम में अपनी जगह पक्की की है।

About Author

Advertisement