कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास पर सोमवार दोपहर अचानक पुलिस के पहुंचने से सियासी हलचल तेज हो गई है। सादे कपड़ों और वर्दी में पहुंचे पुलिसकर्मी कुछ देर अंदर रहने के बाद अपने साथ एक कंप्यूटर मॉनिटर लेकर बाहर निकले। इसके तुरंत बाद घर के गैरेज से एक गाड़ी भी बाहर जाती दिखी, जो ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।
इस कार्रवाई की असल वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस मामले पर अनभिज्ञता जताई है, जिससे यह पूरा घटनाक्रम और अधिक रहस्यमय हो गया है।
सुरक्षा में कटौती के बाद खड़े हुए कई सवाल
गौरतलब है कि चुनाव नतीजों के बाद से अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में लगातार कटौती की जा रही है। उनके आवास से गार्डरेल, हाई-टेक स्कैनर और ‘जेड प्लस’ सुरक्षा तक हटा दी गई है। अब उन्हें केवल एक सांसद के तौर पर मिलने वाली न्यूनतम सुरक्षा ही दी जा रही है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह कदम केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत उठाया गया है, लेकिन सुरक्षा में कमी और अचानक पुलिस की इस मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










