इंग्लिश प्रीमियर लीग: सीजन के अंतिम दिन आर्सेनल की जीत, चेल्सी और मैनचेस्टर सिटी की हार

photocollage_2026525125855903

लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग सीजन के आखिरी दिन चैंपियन आर्सेनल के साथ मैनचेस्टर यूनाइटेड ने जीत हासिल की, जबकि चेल्सी और मैनचेस्टर सिटी को हार का सामना करना पड़ा। रविवार रात खेले गए मैच में आर्सेनल ने क्रिस्टल पैलेस को २-१ से हरा दिया। पिछले हफ्ते ही लीग खिताब पक्का करने वाली आर्सेनल ने इस अवे मैच में ५९ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलते हुए जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से गेब्रियल जीसस ने ४१वें और नोनी मादुएके ने ४७वें मिनट में गोल किए। वहीं, क्रिस्टल पैलेस की तरफ से जीन-फिलिप माटेटा ने ८८वें मिनट में गोल दागा। इस जीत के साथ प्रीमियर लीग पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर बरकरार आर्सेनल ने ३८ मैचों में ८५ पॉइंट्स के साथ सीजन का समापन किया। वहीं क्रिस्टल पैलेस ४५ पॉइंट्स के साथ १५वें स्थान पर रही।
​पिछले सीजन की चैंपियन मैनचेस्टर सिटी को एस्टन विला के खिलाफ १-२ से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद सिटी ने ७८ पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहकर प्रीमियर लीग सीजन का समापन किया। वहीं एस्टन विला ६५ पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रही। अपने होम ग्राउंड एतिहाद स्टेडियम में ५१ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलते हुए सिटी ने शुरुआत में बढ़त हासिल की, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। होम टीम की ओर से एंटोनी सेमेन्यो ने २२वें मिनट में गोल किया। एस्टन विला ने दूसरे हाफ में लगातार २ गोल कर मैच जीत लिया। दोनों गोल ओली वाटकिंस (४६वें और ६१वें मिनट) ने किए।
​मैनचेस्टर यूनाइटेड ने अपने आखिरी मैच में ब्राइटन के खिलाफ ३-० से जीत हासिल की। इस अवे मैच में ४९ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली यूनाइटेड की तरफ से पैट्रिक डोर्गु ने ३२वें, ब्रायन एम्ब्यूमो ने ४३वें और ब्रूनो फर्नांडीस ने 47वें मिनट में गोल किए। यूनाइटेड ने ७१ पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहकर सीजन का अंत किया। ब्राइटन ५३ पॉइंट्स के साथ आठवें स्थान पर रही।
​लीवरपूल और ब्रेंटफोर्ड के बीच खेला गया मैच १-१ से ड्रॉ रहा। अपने होम ग्राउंड एनफील्ड पर ६१ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली लीवरपूल को कर्टिस जोन्स ने ५७वें मिनट में बढ़त दिलाई। इसके बाद केविन श्चेड ने ६३वें मिनट में गोल कर ब्रेंटफोर्ड को बराबरी पर ला खड़ा किया। मिस्र के स्टार फॉरवर्ड मोहम्मद सालाह का लीवरपूल के लिए यह आखिरी मैच था। सीजन के अंत में उनके क्लब छोड़ने की बात पहले ही सामने आ चुकी थी। होम ग्राउंड पर प्रशंसकों ने सालाह को यादगार विदाई दी। अपने आखिरी मैच में सालाह ने जोन्स के गोल में असिस्ट किया। उन्होंने लीवरपूल के लिए सबसे ज्यादा असिस्ट करने वाले स्टीवन जेरार्ड (९२) का रिकॉर्ड तोड़ा। लीवरपूल ने ६० पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर रहकर अगले सीजन में चैंपियंस लीग खेलने का अधिकार भी हासिल कर लिया। ब्रेंटफोर्ड ५३ पॉइंट्स के साथ नौवें स्थान पर रही।
​इस बीच, सुंदरलैंड ने चेल्सी को २-१ से हरा दिया। मैच में एक आत्मघाती गोल और दूसरे हाफ में मिले रेड कार्ड ने चेल्सी को डुबो दिया। चेल्सी के डिफेंडर वेस्ली फोफाना को ६१वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया। होम टीम सुंदरलैंड की ओर से ट्राय ह्यूम ने २४वें मिनट में गोल किया। दूसरा गोल आत्मघाती (मालो गुस्तो, ४९वां मिनट) रहा। वहीं, चेल्सी की तरफ से कोल पामर ने ५५वें मिनट में गोल किया। इस जीत के बाद सुंदरलैंड ५४ पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर रही। चेल्सी ने ५२ पॉइंट्स के साथ दसवें स्थान पर रहकर सीजन का अंत किया।
​अन्य मैचों में फुलहम ने न्यूकैसल को २-० से, टोटेनहम ने एवर्टन को १-० से और वेस्ट हैम ने लीड्स यूनाइटेड को ३-० से हराया। बर्नली और वुल्व्स के बीच का मैच तथा नॉटिंघम फॉरेस्ट और बोर्नमाउथ के बीच खेला गया मैच १-१ की बराबरी पर ड्रॉ रहा। प्रीमियर लीग के इस सीजन में वेस्ट हैम (३९), बर्नली (२२) और वुल्व्स (२० पॉइंट्स) रेलिगेशन (निकाले जाने) का शिकार बने।

About Author

Advertisement