इम्फाल: मणिपुर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों ने पिछले २४ घंटों के भीतर एक बड़ा अभियान चलाया है। इस व्यापक तलाशी और जब्ती अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, गोला-बारूद तथा नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। साथ ही, अलग-अलग प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के सदस्यों, एक म्यांमार नागरिक और यौन उत्पीड़न के एक आरोपी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इंफाल पश्चिम के लामदेंग क्षेत्र से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूएनएलएफ (पी) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों की पहचान आरामबम टॉमटॉम (२९) और हेइसनम थॉमस के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने इनके पास से एक इंसास एलएमजी (लाइट मशीन गन), तीन मैगजीन और १४ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इसी तरह, चुराचांदपुर जिले के सिंगांगट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग १०२ बीबी के पास चलाए गए अभियान में एक म्यांमार नागरिक सहित दो लोगों को दबोचा गया है। पकड़े गए व्यक्तियों में म्यांमार के फाइमुल गांव का निवासी खुप्सियानखाई वुआलनम (३१) और चुराचांदपुर का दौखानलाल थांगसिंग (३४) शामिल हैं। इनके पास से एक केनबो बाइक और ५५ साबुनदानियों में छिपाकर रखा गया लगभग २.१२७ किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है।
इसके अतिरिक्त, इंफाल पूर्वी जिले के इरिलबुंग पुलिस थाना चेक गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने याम्बेम सुधीर सिंह उर्फ सदानंद (२०) और थोंगक प्र बिशाल सिंह उर्फ अमुजाओ (२६) को गिरफ्तार किया। इनके पास से लगभग ३.३ किलोग्राम कच्चा गांजा, एक होंडा एक्टिवा, एक स्टनर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। वहीं, भारत-म्यांमार सीमा के पास टेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या ७२ और ७३ के पास चलाए गए एक अन्य संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों को एक एसएलआर राइफल, मैगजीन के साथ एक ९ एमएम पिस्तौल, चार रेडियो सेट और चार आईईडी बरामद हुए, जिन्हें बम निरोधक दस्ते द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उग्रवादी संगठन प्रीपाक (वीसी) गुट के एक सक्रिय भर्तीकर्ता लैशराम सुरजित मेइतेई उर्फ नानाओ (२९) को भी इंफाल पूर्व के मंत्रीपुखरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, इंफाल पूर्व जिला महिला थाने में दर्ज यौन उत्पीड़न के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने २६ वर्षीय आरोपी सदाफ को चेकोन ऑटो पार्किंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस और सुरक्षा बल इन सभी मामलों में आगे की कानूनी और गहन जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं।










