नीदरलैंड के हेग में पीएम मोदी: ‘मैं भूल गया कि नीदरलैंड में हूं, लगा भारत में ही कोई फेस्टिवल है’

Screenshot_20260516_190301_Chrome

हेग: पांच देशों के दौरे के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बाद नीदरलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों के भारी उत्साह और अपार प्यार को देखकर पीएम मोदी ने कहा कि कुछ देर के लिए तो वह भूल ही गए थे कि वे नीदरलैंड में हैं। उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे भारत के ही किसी हिस्से में कोई बड़ा त्योहार मनाया जा रहा हो। उन्होंने नीदरलैंड की प्रगति और वहां की अर्थव्यवस्था में भारतीय समुदाय द्वारा दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी पर हर भारतवासी को गर्व है।
​संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने समंदर पार बसे भारतीय परिवारों के संघर्ष और सफलता की कहानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ दुनिया में कई संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत की पारंपरिक संस्कृति आज भी अपने लोगों के दिलों में धड़क रही है। पीढ़ियां और परिवेश बदल गए, लेकिन लोगों ने अपने पुरखों की भाषा, संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों को नहीं छोड़ा। उन्होंने डच भाषा को अपनाते हुए भी अपनी जड़ों को जीवित रखा है, जिसमें यहां के लोकप्रिय कम्युनिटी रेडियो स्टेशन अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने १४० करोड़ भारतवासियों की तरफ से नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार भी जताया।

​भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने १६ मई की ऐतिहासिक तारीख का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि आज से ठीक १२ साल पहले १६ मई २०१४ को ही लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और देश में दशकों बाद पूर्ण बहुमत की स्थिर सरकार बनना तय हुआ था। उन्होंने कहा कि १३ साल मुख्यमंत्री और १२ साल प्रधानमंत्री के रूप में लोकतांत्रिक दुनिया में लगातार २५ वर्षों तक करोड़ों मतदाताओं का समर्थन पाना उनके लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात है। जनता का यही आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत बहुत बड़े सपने देख रहा है, जिसे अब सिर्फ बदलाव नहीं बल्कि हर क्षेत्र में सबसे तेज और सबसे बेहतरीन (फास्टेस्ट और बेस्ट) परिणाम चाहिए।

About Author

Advertisement