लखनऊ: आईपीएल २०२६ के ५९वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ ७ विकेट से एकतरफा जीत हासिल की है। आईपीएल के मौजूदा सीजन में प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी एलएसजी इस जीत के बाद भी १२ मैचों में ८ अंकों के साथ नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका में दसवें और सबसे निचले स्थान पर बनी हुई है। वहीं लगातार तीन जीत के बाद हार का सामना करने वाली सीएसके की टीम १२ मैचों में १२ अंकों के साथ छठे स्थान पर खिसक गई है। शुक्रवार को खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने २० ओवर में ५ विकेट खोकर १८७ रन बनाए थे। खराब शुरुआत के बाद कार्तिक शर्मा के अर्धशतक ने टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। कार्तिक ने ४२ गेंदों में ६ चौकों और ५ छक्कों की मदद से ७१ रनों की पारी खेली। इसके अलावा शिवम दुबे ने नाबाद ३२, डेवाल्ड ब्रेविस और संजू सैमसन ने २०-२० रनों का योगदान दिया। एलएसजी की ओर से आकाश सिंह ने सबसे ज्यादा ३ विकेट झटके। जवाब में एलएसजी ने महज १६.४ ओवर में ३ विकेट खोकर १८८ रन बनाते हुए मैच जीत लिया। एलएसजी की इस आसान जीत में ओपनर मिचेल मार्श की भूमिका अहम रही, जिन्होंने ३८ गेंदों में ९ चौकों और ७ छक्कों की मदद से विस्फोटक ९० रन बनाए। मार्श और जोश इंग्लिस ने पहले विकेट के लिए १३५ रनों की मजबूत साझेदारी की, जिसमें इंग्लिस ने ३६ रन बनाए। मुकेश चौधरी ने एक ही ओवर में मार्श और इंग्लिस को आउट कर सीएसके को सफलता दिलाई, लेकिन तब तक मैच हाथ से निकल चुका था। निकोलस पूरन ने १७ गेंदों में नाबाद ३२ रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की, जबकि मुकुल रॉय १३ रन पर नाबाद रहे।










