नामची(सिक्किम): केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सिक्किम दौरे के दूसरे दिन प्रसिद्ध तेमी चाय बागान का भ्रमण किया। सिक्किम के एकमात्र चाय बागान में पहुंचकर उन्होंने चाय मजदूरों के साथ समय बिताया और उनके परिश्रम तथा कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त किया।दौरे के दौरान मंत्री सिंधिया ने चायपत्ती तोड़ने वाले मजदूरों के साथ आत्मीय बातचीत की। उन्होंने विश्वभर में प्रशंसित सिक्किम की चाय परंपरा को जीवित बनाए रखने में मजदूरों के महत्वपूर्ण योगदान की खुलकर सराहना की। इस अवसर पर मंत्री सिंधिया पारंपरिक बांस की डोको पीठ पर लेकर मजदूरों के साथ चायपत्ती तोड़ते हुए नजर आए। चायपत्ती संग्रह के दौरान मजदूरों की तेजी, सटीकता और कौशल की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी दक्षता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।

कार्यक्रम को और अधिक आत्मीय बनाते हुए मंत्री सिंधिया ने मजदूरों के साथ सहज रूप से नेपाली भाषा में संवाद किया। नेपाली भाषा के प्रति उनके अपनत्व ने पूरे चाय बागान में खुशी और आत्मीयता का वातावरण बना दिया।










