मेस्सी २६७ करोड़ रुपये से अधिक की कमाई के साथ एमएलएस के सबसे महंगे खिलाड़ी

IMG-20260513-WA0094

नई दिल्ली: ​विश्व फुटबॉल के महानतम खिलाड़ी लियोनल मेस्सी ने एक बार फिर अपनी लोकप्रियता और बाजार मूल्य को शीर्ष पर साबित कर दिया है। इंटर मियामी के साथ अपने जुड़ाव के बाद मेस्सी मेजर लीग सॉकर के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। मेजर लीग सॉकर प्लेयर्स एसोसिएशन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार मेस्सी को वार्षिक २.५० करोड़ अमेरिकी डॉलर का आधार वेतन प्राप्त होगा। बोनस और अन्य लाभों को मिलाकर उनका कुल गारंटी पारिश्रमिक २.८३ करोड़ डॉलर तक पहुँच जाता है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग २६७ करोड़ रुपये से भी अधिक है। यह राशि एमएलएस के किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा बताई जा रही है, जो फुटबॉल जगत में उनके निर्विवाद प्रभाव को दर्शाती है।
​कमाई के मामले में मेस्सी के बाद दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया के सोन ह्युंग-मिन हैं, जो लॉस एंजिल्स एफसी के लिए खेल रहे हैं। हालांकि, उनकी कमाई मेस्सी की तुलना में काफी कम है। मेस्सी के आने से इंटर मियामी का कुल खर्च भी काफी बढ़ गया है, जिसका कुल पेरोल अब ५.४६ करोड़ डॉलर तक पहुँच चुका है। मैदान पर प्रदर्शन की बात करें तो मेस्सी ने इंटर मियामी के लिए अब तक खेले गए ६४ मैचों में ५९ गोल दागे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने २९ गोल कर अपनी टीम को पहली बार एमएलएस खिताब दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। अगले महीने 39 वर्ष के होने जा रहे मेस्सी अभी भी अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के कप्तान हैं और वे अपने करियर का छठा विश्व कप खेलने की तैयारी में जुटे हैं।

About Author

Advertisement