काेलकाता: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष(अब मुख्यमन्त्री) शुभेन्दु अधिकारी के निजी सचिव (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने उत्तर प्रदेश और बिहार में छापेमारी कर ३ मुख्य ‘शार्प शूटरों’ सहित कुल ५ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गत ६ मई की रात चंद्रनाथ रथ की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों तक पहुंचने में ‘फास्टैग’ तकनीक ने अहम भूमिका निभाई। हत्या के बाद फरार होते समय अपराधियों की गाड़ी ने टोल गेटों पर जो डिजिटल भुगतान किया था, उसी के जरिए उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। जांचकर्ताओं ने १०० से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद जांच की कड़ियां जुड़ती गईं।गिरफ्तार किए गए मुख्य शूटर का नाम राज सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है। वारदात के बाद वह अयोध्या में छिपा हुआ था। राज सिंह के साथ विशाल नामक एक अन्य अपराधी को भी पकड़ा गया है। इसके अलावा, बिहार के बक्सर से मयंक मिश्रा और विक्की मौर्य की गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है कि मयंक मिश्रा बिहार के कुख्यात ‘चंदन मिश्रा गैंग’ का सक्रिय सदस्य है।पुलिस अब इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। हत्या की सुपारी किसने दी थी और चंद्रनाथ की हत्या के पीछे असली मकसद क्या था, इसका खुलासा करने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस हत्याकांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो जाएगा।










