एमआईआरभी तकनीक से लैस मिसाइल का सफल परीक्षण, एक साथ कई लक्ष्यों पर सटीक निशाना
नई दिल्ली: भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेड री-एंट्री व्हीकल(एमआईआरभी) तकनीक से लैस ‘एडवांस अग्नि मिसाइल’ का सफल परीक्षण पूरा कर लिया है। ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से ८ मई को किए गए इस परीक्षण के दौरान मिसाइल ने हिंद महासागर क्षेत्र में स्थित कई अलग-अलग लक्ष्यों को एक साथ सफलतापूर्वक भेदकर अपनी मारक क्षमता का लोहा मनवाया।
एमआईआरभी तकनीक के जरिए एक ही मिसाइल विभिन्न दिशाओं में मौजूद कई टारगेट्स पर सटीक हमला करने में सक्षम होती है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसन्धान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय सेना के वैज्ञानिकों को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह तकनीक देश की रक्षा तैयारियों को नई ऊंचाई देगी। इसके अतिरिक्त, भारत ने स्वदेशी ग्लाइड वेपन सिस्टम ‘तारा’ का भी सफल परीक्षण किया है, जो कम लागत में साधारण बमों को ‘प्रिसिजन गाइडेड’ हथियारों में बदलकर दुश्मन के जमीनी ठिकानों को सटीकता से नष्ट करने की क्षमता रखता है।











