इंफाल: मणिपुर में सक्रिय विद्रोही एवं आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए ताजा अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारतीय सुरक्षा बल असम राइफलस ने ७मई को सेनापति जिले के मारनमेई पहाड़ी क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इसकी पुष्टि आधिकारिक सूत्रों ने की है।
प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर १६ असम राइफल्स ने एआरएफआईयू और ३ सीआईबी के साथ समन्वय कर यह अभियान चलाया। सुरक्षा बलों ने आंतरिक खुफिया नेटवर्क से सूचना की दोबारा पुष्टि करने के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान एक एके -४७ राइफल, एक एमपी -५ राइफल, एक .३०३ राइफल, दो .२२ राइफल, चार इम्प्रोवाइज्ड बोल्ट-एक्शन राइफल, तीन .३२ कैलिबर पिस्तौल, दो .२२ पिस्तौल तथा स्थानीय स्तर पर निर्मित बंदूक सहित कई घातक हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में मैगजीन और विभिन्न प्रकार के जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
बरामद गोला-बारूद में ५.५६ एमएम, ९ एमएम, .३०३, .३२ तथा १२ बोर की गोलियां शामिल हैं। इसके साथ ही स्नाइपर में इस्तेमाल होने वाले ७.६२×५४ एमएम राउंड भी मिले हैं। घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य विस्फोटक सामग्री भी बरामद होने की जानकारी दी गई है।
मणिपुर में बढ़ती सुरक्षा चुनौती:
पिछले कुछ वर्षों से मणिपुर में जातीय तनाव, सीमापार आपराधिक नेटवर्क और विद्रोही संगठनों की सक्रियता के कारण सुरक्षा स्थिति लगातार जटिल होती जा रही है। खासकर पहाड़ी इलाकों में अवैध हथियारों का भंडारण, मादक पदार्थों की तस्करी और सशस्त्र गतिविधियों में वृद्धि को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और अभियान तेज कर दिए हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि इस प्रकार के हथियार भंडार विद्रोही समूहों के नेटवर्क संचालन, हमले की योजना और सीमावर्ती क्षेत्रों में अस्थिरता फैलाने से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में असम राइफल्स की यह कार्रवाई पूर्वोत्तर भारत में शांति बहाल करने और आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
सुरक्षा बलों की प्रतिबद्धता:
असम राइफलस ने कहा है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे विद्रोह विरोधी अभियानों को और तेज किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में बल ने कहा कि “इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों की बरामदगी विद्रोही समूहों की अवैध आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभियान आतंकवादी और विद्रोही संगठनों की क्षमता को कमजोर करने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करेंगे।








