नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम २३ मई को तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान पहुंचेगी। आईपीएल २०२६ सीजन जारी रहने के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की है।
पीसीबी के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई टीम २३ मई को इस्लामाबाद पहुंचेगी। उस समय तक आईपीएल लीग चरण अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका होगा। लीग चरण के आखिरी दो मैच २४ मई को खेले जाएंगे, जबकि २६ मई से प्लेऑफ मुकाबले शुरू होंगे।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच ३० मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद बाकी दो मैच २ और ४ जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होंगे। तीनों मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर ४:३० बजे से शुरू होंगे।
इस तरह पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया सीरीज का कार्यक्रम आईपीएल प्लेऑफ से टकरा रहा है। इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान सीरीज के लिए आईपीएल छोड़ने के लिए मजबूर नहीं करने का फैसला किया है। सीए के प्रवक्ता ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल में बने रहेंगे और अपनी फ्रेंचाइजी के प्रति प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे।
वर्तमान में लगभग १२ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। इनमें ट्रेविस हेड, टिम डेविड, जोश हेजलवुड, जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, मार्कस स्टोइनिस, जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, मिचेल स्टार्क और मैथ्यू शॉर्ट जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स को आईपीएल २०२६ प्लेऑफ में पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इन दोनों टीमों ने भी स्पष्ट किया है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टीम के साथ बने रहेंगे और अपने अनुबंध का सम्मान करेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक पाकिस्तान दौरे के लिए टीम की घोषणा नहीं की है। टीम चयन के दौरान सीए इस बात का विशेष ध्यान रखेगा कि खिलाड़ियों की आईपीएल प्रतिबद्धताओं पर असर न पड़े। इसी कारण पाकिस्तान जाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में कई बड़े स्टार खिलाड़ियों के शामिल नहीं होने की संभावना है।
इसके अलावा, जो फ्रेंचाइजी प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाएंगी, उनमें खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी वनडे सीरीज से पहले टीम से जुड़ सकते हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना कम मानी जा रही है, इसलिए मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस और कैमरन ग्रीन जैसे खिलाड़ी पाकिस्तान दौरे पर जा सकते हैं।
मार्च-अप्रैल २०२२ के बाद वनडे सीरीज के लिए यह ऑस्ट्रेलियाई टीम का पहला पाकिस्तान दौरा होगा।










