इंडिगो विमान में पावर बैंक फटने से हड़कंप

Screenshot_20260505_232544_Instagram

चंडीगढ़: हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की फ्लाइट (६इ-१०८) में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब लैंडिंग के दौरान विमान के भीतर धुआं भरने लगा। विमान में सवार १९८ यात्री और चालक दल के सदस्य उस वक्त दहशत में आ गए जब सीट नंबर ३९सी पर रखे एक पावर बैंक में विस्फोट हो गया।
​शहीद भगत सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोपहर ३:२९ बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। जानकारी के अनुसार, जब विमान रनवे पर टैक्सी कर रहा था, तभी एक यात्री के पावर बैंक में ब्लास्ट हुआ और केबिन में गहरा धुआं फैल गया। चालक दल की सक्रियता से तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग पर काबू पाया गया।
​आपातकालीन निकास से हुआ इवैक्युएशन:
खतरे को देखते हुए विमान में ‘इमरजेंसी’ घोषित की गई और करीब ३:३५ बजे विमान के स्लाइड (इमरजेंसी गेट) खोल दिए गए। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। वायुसेना की फायर टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
​सुरक्षा पर उठे सवाल:
विमानों में पावर बैंक और लिथियम-आयन बैटरी वाले उपकरणों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार चेतावनी जारी करती रही हैं। यह घटना एक बार फिर उड़ानों के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर बड़ी चिंता का विषय बन गई है। एयरलाइंस के अनुसार, क्रू की त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित बड़ी त्रासदी को टाल दिया।

About Author

Advertisement